वेलफेयर क्लब ने स्व. शेषनाथ पांडेय की स्मृति में किया पौधारोपण
गाजीपुर। वेलफेयर मिशन ग्रीन वसुन्धरा के अंतर्गत स्व. शेषनाथ पांडेय की पुण्य स्मृति में नगर के बीकापुर गांव में पौधरोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान जनार्दन सिंह यादव तथा क्लब उपाध्यक्ष सत्य देव दूबे ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जनपद गवर्नर पवन कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी, कोषाध्यक्ष रामनाथ कुशवाहा, कार्यकारिणी सदस्य अजय यादव सहित उपस्थित गणमान्यजनों ने पौधरोपण किया। उपस्थित लोगों द्वारा रोपित किए गए पौधों की सुरक्षा के साथ सभी ने पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर प्रधान जनार्दन सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती है, जिसका समाधान अधिक से अधिक पौधरोपण में ही है। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग, महामारी, असमय वर्षा और जलवायु परिवर्तन को पर्यावरण असंतुलन का दुष्परिणाम बताते हुए वेलफेयर क्लब के सार्थक प्रयास की सराहना की।
क्लब के पर्यावरण प्रभारी प्रतीक यादव ने बताया कि वर्ष 2003 से लगातार चल रहे पर्यावरण मिशन ग्रीन वसुन्धरा अभियान के तहत पौधरोपण के साथ ही पौधों को संरक्षित भी किया जाता है। जनपद में क्लब द्वारा लगाये गए पौधे जंगल और बगीचे का रूप ले चुके हैं जो प्रेरणादायक मिसाल है।
इस अवसर पर हृदय नारायण तिवारी, अभिषेक प्रजापति, प्रमोद कुमार बिंद, मनोज गुप्ता, दीपक तिवारी राम कुमार विश्वकर्मा, नौशाद अहमद आदि लोग उपस्थित रहे।
Views: 0










