प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित हुए मेधावी
गाजीपुर। पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज सिखड़ी में शनिवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र छात्राओं को पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के विविध कार्यक्रमों में स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
विधान परिषद उ.प्र. के पूर्व सदस्य केदारनाथ सिंह की अध्यक्षता एवं राज्य सभा सांसद श्रीमती साधना सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न समारोह के विशिष्ट अतिथि पीजी कॉलेज मलिकपुर के प्राचार्य प्रोफेसर दिवाकर सिंह रहे। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण से आरंभ हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने ज्ञानवर्धक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संजीव मंचन से समां बांध दिया।
इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के प्रबंधक पारस नाथ राय ने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज के विकास का मजबूत स्तंभ है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि साधना सिंह ने छात्र छात्राओं को लगन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि अपना लक्ष्य निर्धारित कर सदैव “आगे बढ़ते रहो, पीछे मुड़कर मत देखो, सिर्फ आगे बढ़ो, सफलता स्वयं आपके कदम चूमेगी। अन्य वक्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित विद्यालय के उच्च स्तररीय शैक्षिक, संस्कारित उच्च कोटिय वातावरण की प्रशंसा कर उनका अनुसरण करने की सीख दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज राय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, माता तेतरा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्रबंधक अटल सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता दयाशंकर सिंह, डॉ. संतोष मिश्रा, विनय पांडेय सहित काफी संख्या में गणमान्य जन व अभिभावक गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गौरीशंकर पाण्डेय ने किया।
Views: 9








