महिलाओं को सशक्त बनाने में विपक्षी गठबंधन बड़ी बाधा 

महिला आरक्षण विधेयक संशोधन बिल के विरोध में हुआ विपक्षी दलों का पुतला दहन


गाजीपुर। विपक्षी गठबंधन के प्रबल विरोध से महिला आरक्षण विधेयक संशोधन बिल के सदन में गिरने से आक्रोशित भाजपा महिला मोर्चा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने स्नातकोत्तर महाविद्यालय चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए विपक्षी दलों का पुतला दहन किया।

            राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया गया “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ” अभियान पूरी तरह सफल रहा है। उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल 2026 का दिन देश के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होता, यदि महिला आरक्षण संशोधन विधेयक सदन में पारित हो जाता।

          उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव पूरे देश में दिख रहा है, लेकिन विपक्ष केवल राजनीतिक स्वार्थ के कारण ऐसे अहम फैसले का विरोध कर महिला समाज का अहित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाता रहेगा और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

       जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है, लेकिन विपक्ष इस दिशा में बाधा उत्पन्न कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए है।

          इसी क्रम में भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला ने कहा कि युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्ष विकास और सामाजिक न्याय से जुड़े हर महत्वपूर्ण कदम का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो कार्यकर्ता  लोगों को सच्चाई से अवगत कराएंगे और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करेंगे।

          प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक सुनीता सिंह, सरिता अग्रवाल, साधना राय, अविनाश सिंह, प्रीति गुप्ता, विवेकानंद राय, माया सिंह, अमरनाथ शर्मा, किरन सिंह, सुमन बिंद, प्रतिभा शर्मा, शशिकान्त शर्मा, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया सहित काफी लोग उपस्थित रहे।

Views: 10

Advertisements

Leave a Reply