संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ सेवन के बाद विवाहिता की मौत 

सास ससुर पति और देवर पर मुकदमा दर्ज 


गाजीपुर। सादात थानांतर्गत मलौरा गांव की  विवाहिता सोनी (25 वर्ष) पत्नी नितेश राजभर की शुक्रवार को संदिग्ध हालत में हुई मौत पर मृतका की मां ने मृतका के पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। 

     बताते चलें कि आजमगढ़ के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ढाका निवासी विनोद राम की पुत्री सोनी ने लगभग डेढ़ वर्ष  पूर्व सादात क्षेत्र के मलौरा निवासी नितेश राजभर पुत्र रामपत राजभर से प्रेम विवाह किया था। पुत्री के इस कृत्य से सोनी के परिजन प्रसन्न नहीं थे। नितेश राजभर मुंबई में रहकर काम धंधा करता है।

      शुक्रवार को सोनी के मायके वालों को सूचना मिली कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। इस सूचना पर घबराकर जब मायके वाले मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि सोनी को परिवार के लोग इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैदपुर ले गये हैं। वहां से हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे मकदमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

       मायके वालों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच फोन पर काफी कहासुनी हुई थी। सोनी के सास ससुर का कहना था कि वे खेत पर गेहूं काटने गए थे, तभी सोनी ने फोन करके खुद बताया कि उसने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है।

      थानाध्यक्ष सादात पन्नेलाल यादव ने बताया कि मृतका की मां इंदु देवी की तहरीर पर मृतका के पति नितेश राजभर, सास राधिका देवी, ससुर राजपत राजभर और देवर राहुल राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Views: 38

Advertisements

Leave a Reply