तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से किशोर ने तोड़ा दम

गाजीपुर। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार किशोर ने मौके पर ही दम तोड दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर एकत्रित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपी चालक को गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध की मांग की।


         जानकारी के अनुसार यह हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बुजुर्गा के समीप दोपहर बाद हुआ। मृत किशोर की पहचान जंगीपुर थाना क्षेत्र के उसर गांव (नसीरपुर) निवासी अनुज कुमार भारती (14 वर्ष) पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई। बताया गया कि भग्गन राम अपने नाती अनुज के साथ बाइक से कोनहवा गांव अपनी बेटी के घर जा रहे थे। जब वे बुजुर्गा के पास पहुंचे तभी तेज रफ़्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही अनुज की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वहां स्थानीय लोगों की भीड़ लग गयी। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस व मृतक के परिजनों को दी। अनुज की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मां सुनीता देवी इस अनहोनी से बेहोश हो गई। परिजनों सहित गांव के लोग रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। सड़क जाम की सूचना पर सदर कोतवाल महेंद्र सिंह और उपजिलाधिकारी जखनिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने शासन से हर सम्भव मदद दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर घंटों बाद सड़क पर यातायात चालू हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। अनुज अपने माता-पिता की तीन संतानों में दूसरे नम्बर पर था। उसका बड़ा भाई आदर्श और छोटी बहन अनुष्का है।

Views: 70

Advertisements

Leave a Reply