सम्पन्न हुआ “यूसुफ़पुर- मुहम्मदाबाद के अदबी गौहर” का विमोचन
काव्य पाठ से कवियों और शायरों ने बांधी शमां
गाजीपुर। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधान डाकघर परिसर में, सरफ़राज़ अहमद आसी द्वारा लिखित पुस्तक “यूसुफ़पुर–मुहम्मदाबाद के अदबी गौहर” का भव्य विमोचन समारोह सम्पन्न हुआ।
गाजीपुर की क्रान्तिकारी धरती के मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के लेखकों, कवियों, शायरों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गौरवशाली इतिहास और उनके जीवन वृत्त को समर्पित इस पुस्तक में लेखक ने गागर में सागर समेटने का कार्य किया है। भारत सरकार के सरकारी अफीम एवं क्षारोद कारखाना गाजीपुर के महाप्रबंधक दौलत कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वाराणसी के पूर्व प्रधानाचार्य आबिद सलेमपुरी ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मुहम्मदाबाद टाउन एरिया के चेयरमैन रईस अहमद की मौजूदगी रही। अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर बताया। समारोह का कुशल संचालन डॉ. ज़फर असलम एवं प्रधान डाक अधीक्षक मासूम रज़ा राश्दी ने संयुक्त रूप से किया। लेखक सरफ़राज़ अहमद आसी ने सभी आगंतुकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र मेंं, दिवंगत साहित्यकार डॉ. मधुर नज्मी मुहम्मदाबादी की स्मृति में मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें कवियों ने अपनी रचनाओं के सुमधुर पाठ से समां बांध दिया। काव्य पाठ करने वालों में प्रमुख रूप से फ़राज़ अदीबी, अशोक कुमार दीप, आलम ग़ाज़ीपुरी, डॉ. साजिद ग़ाज़ीपुरी, आसी यूसुफ़पुरी, अंसार पैकर, अय्यूब सैफ़ी सलेमपुरी, कामरान आदिल, मिथिलेश गहमरी और चंचल यूसुफ़पुरी आदि प्रमुख रहे। कार्यक्रम में शेषनाथ राय, ख़ालिद अमीर, वसीम रजा सहित काफी संख्या में साहित्यप्रेमी, पत्रकार और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। आभार ज्ञापन मासूम रज़ा राश्दी ने व्यक्त किया।
Views: 33








