सांसद का स्टीकर व भाजपा का झंडा लगी स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद 

गाजीपुर। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग बिहार सरकार द्वारा मंगलवार की देर शाम कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के लूरपुरवा गांव से राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत का स्टीकर और बीजेपी का झंडा लगी स्कॉर्पियो से 277 लीटर शराब बरामदगी पर जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।


        वहीं इस घटना को संज्ञान में लेते हुए राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत के पति डा. अवधेश ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर धोखाधड़ी करने वाले तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बरामद गाड़ी से उनकी पत्नी का कोई लेना-देना नहीं है और यह गाड़ी उनकी नहीं है बल्कि तस्करों ने उनके नाम का दुरुपयोग कर उनके मान का हनन किया है। उन्होंने वाहन स्वामी पर उचित कार्यवाही की मांग की है।                           बताया गया कि  मंगलवार की शाम बिहार उत्पाद विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश से भारी मात्रा में अवैध शराब एक स्कॉर्पियो से बिहार आ रही है। इस सूचना पर  उत्पाद विभाग ने समेकित जांच चौकी मोहनियां पर सतर्कता से वाहन चेकिंग आरम्भ कर दिया। कुछ समय बाद दो वाहन उतर प्रदेश की ओर से आते दिखाई दिये। सामने चल रही पुलिस चेकिंग देखकर वाहन चालकों ने अपने वाहन लुरपुरवा गांव की तरफ मोड़ दिया और वाहन लेकर भाग निकले। वाहन चेकिंग में लगी पुलिस ने दोनों गाड़ियों का पीछा किया तो  चालक गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गये। पुलिस ने वहां खड़ी स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें से कुल 277 लीटर शराब बरामद हुई। स्कॉर्पियो के पीछे शीशे पर राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत का स्टिकर लगा था और वाहन के आगे भाजपा का झंडा लगा था। उस पर यूपी 61बी क्यु 9062 का नम्बर प्लेट लगा था। इस संबंध में उत्पाद विभाग के एएसआइ कुमार गौरव ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर, बरामदगी के आधार पर कार्रवाई की गयी है। वाहन पंजीकरण के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान कर  तस्करों की छानबीन में लगी है।

Views: 103

Advertisements

Leave a Reply