नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने रैन बसेरे का किया निरीक्षण
रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं रात्रि भ्रमण के दिए निर्देश
लखनऊ/ वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने वाराणसी के भीम नगर सिकरौल स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरे में ठहरे लोगों से वार्ता कर उनका हाल जाना। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में उनसे प्रत्यक्ष जानकारी ली और वहां मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मंत्री श्री ए के शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप रैन बसेरों में ठंड से बचाव हेतु सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि इस कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले में सोता हुआ न दिखे, इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से विशेषकर रात्रि में भ्रमण एवं निरीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि जरूरतमंदों को तत्काल रैन बसेरों तक पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि भीम नगर सिकरौल स्थित इस रैन बसेरे में लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाई-फाई तथा सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को रात्रि में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री ए के शर्मा ने रैन बसेरे में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को ठंड के मौसम में सुरक्षित आश्रय मिलता है, जो सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अतिरिक्त अपर नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
Views: 25









