कम्पोजिट विद्यालय के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में बच्चों को दी गयीं दवाएं
गाजीपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादात के चिकित्सकों ने क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय जगदीशपुर में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गुरुवार को संचालित इस शिविर में कक्षा एक से कक्षा आठ तक के 132 छात्र छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें रोगों से बचाव करने की सलाह देते हुए दवाएं दी गई। स्वास्थ्य केन्द्र की टीम ने छात्र छात्राओं की लम्बाई,वजन, नाखून,दांत, आंख, सर्दी जुखाम, श्वास, एलर्जी, वायरल फीवर और पेट सम्बंधित बिमारियों की जांच कर आवश्यक दवा दी गई।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार लाने और समुदाय के सभी बच्चों की व्यापक देखभाल करने का एक कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों में जन्म के समय के दोष और उनके विकास में देरी संबंधित जांच शामिल है। इसके साथ ही मुफ्त उपचार का भी प्रबंधन किया जा सके। पहचान की गई स्वास्थ्य स्थितियों से पीड़ित बच्चों को पहले ब्लाक स्तर पर तथा फिर आवश्यकता होने पर जिला स्तर पर देखभाल और इलाज किया जाता है। जांच कर रहे चिकित्सक डाॅ. सन्तोष राय और डाक्टर प्रियंका यादव ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत नवजात शिशुओं एवं बच्चों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जायेगा। जिसमें हृदय रोग, न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट, श्रवण बाधा, मोतियाबिंद, कटे होंठ और तालु, टेड़े पैर (क्लब फुट) और अन्य गंभीर बीमारियों का निःशुल्क इलाज डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (डी.ई.आई.सी.) में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध रहती है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक छह माह पर सभी बच्चों को पेट के कीड़ी की दवा देना है। इस मौके पर सोनू खरवार, सति राम, जैनब रहमान, गीता देवी, रीता देवी, किरन बारी , अनिता यादव सहित अध्यापकगण मौजूद रहे।
Views: 104








