ढाई फीट जमीन के विवाद में अधेड़ की हत्या, पूर्व प्रधान सहित तीन बन्दी
गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के मनिया गांव में मात्र ढाई फीट जमीन के लिए एक अधेड़ की हत्या की चर्चा जारी है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जूट गयी और घटना के आरोपित पूर्व प्रधान सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
बताया गया कि मनिया गांव के पश्चिम मोहल्ला निवासी मसूद खान (55 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रियायत खान अपने पुश्तैनी मकान में शुक्रवार की दोपहर जुमा की नमाज के बाद आराम कर रहे थे। पारिजनों का आरोप है कि उसी बीच पड़ोसी काश्तकार पूर्व ग्राम प्रधान कृष्ण मौर्य एवं कुछ अन्य लोगों के द्वारा मसूद खान के जमीन से सटकर सीमेंटे का खंभा गाड़ा जाने लगा। इस बात की जानकारी होने पर मसूद खान मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस बीच विपक्षीगणों के द्वारा उन्हें मौके पर ही भला बुरा कहते हुए गला दबाकर हत्या कर दिया गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मकान से सटकर ढाई फीट की जमीन हमारे द्वारा छोड़ी गई है और बगल के काश्तकार कृष्णा मौर्य के द्वारा भी ढाई फीट जमीन छोड़ने की बात कही गई थी। इस मामले में विवाद होने पर सिविल न्यायालय में मामला विचाराधीन है। आज अचानक बगल के काश्तकार द्वारा हमारे मकान से सटाकर ही खंभा गाड़ा जाने लगा। जिसका विरोध करने पर इन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना की सूचना मिलती ही मौके पर क्षेत्राधिकार जमानिया कृष्णा तिवारी के साथ ही पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Views: 146








