हादसा – ग्यारह हजार वोल्ट के करेंट ने ली लाइनमैन की जान
अनाथ हुई पत्नी और तीन बच्चे
गाजीपुर। ग्यारह हजार वोल्ट के करेंट की चपेट में आकर प्राइवेट लाइनमैन वीरेंद्र विश्वकर्मा (35वर्ष) पुत्र श्रीराम विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। प्राइवेट लाइनमैन वीरेंद्र विश्वकर्मा कई वर्षों से दुल्लहपुर विद्युत उपकेंद्र में लाइनमैनों के साथ मिलकर काम करते थे। मृत लाइनमैन दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव का निवासी था। सोमवार को वह मेंहदीपुर में हाई वोल्टेज लाइन पर फ्यूज कनेक्शन कर रहे थे, तभी अचानक तार में विद्युत प्रवाह हो गया और वह विद्युत करंट की चपेट में आ गये। इससे वहां अफरातफरी मच गयी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनियां पहुंचाया, जहाँ से उन्हें गाजीपुर के लिए रेफर किया गया। गाजीपुर अस्पताल में चिकित्सक ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वीरेंद्र की असामयिक मौत से उनके परिवार पर मुश्किलों का दौर आ गया। वीरेंद्र अपने पीछे पत्नी इंद्रावती (32वर्ष) और तीन मासूम बच्चे कविता (13वर्ष), कृष्णा (10वर्ष) और श्रेयांश (7वर्ष) को बेसहारा छोड़ गए हैं। उनके पिता श्रीराम विश्वकर्मा ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दुल्लहपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष दुल्लहपुर के.पी. सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Views: 397







