अनियंत्रित स्कार्पियो डिवाइडर से टकराईं, महिला सहित दो की मौत, आधा दर्जन लोग जख्मी 

गाजीपुर। यात्रियों से भरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो शुक्रवार की अपरान्ह करीब तीन बजे नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी के समीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। इस दुर्घटना में जहां एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई वहीं छह लोग बुरी तरह ज़ख़्मी हो गये। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों और वाहनों की भीड़ लग गई। लोगों के सहयोग से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। घायलों में अर्जुन सिंह पुत्र प्रयाग सिंह ग्राम नैनी छपरा बिहार, शशिकांत सिंह, गीता सिंह, सलोनी सिंह, बबीता देवी, गीता देवी, समर सिंह , सुशीला देवी और आराध्या रहे।


              जानकारी के अनुसार बिहार राज्य के छपरा जिले के श्रद्धालु स्‍कार्पियों से कुंभ में स्‍नान करने गये थे। वहां से वापस घर लौटते समय स्कॉर्पियो वाहन संख्या बीआर 04 पीए 5568 राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सहेडी के पास स्कॉर्पियो का टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर दाहिने लेन में जाकर पुलिया पर बने डिवाइडर से टकरा गई‌। वाहन में सवार सभी सात लोग घायल हो गए। पुलिस द्वारा गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय तथा सामान्य घायलों को पीएचसी नंदगंज भेजा गया। इलाज के दौरान गम्भीर रूप से घायल अर्जुन सिंह पुत्र प्रयाग सिंह तथा बबीता सिंह पत्नी शशिकांत सिंह की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गयी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया 

      

Views: 9


Leave a Reply