विपक्षियों ने ढहा दिया मकान, भीम आर्मी पार्टी के प्रदर्शन से जागा प्रशासन 

गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के रुकुनपुर दरगाह निवासी दशरथ राम का मकान विपक्षियों द्वारा जबरदस्ती ढहाए जाने से क्षुब्ध भीम आर्मी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गुरुवार को जोरदार धरना प्रदर्शन कर विपक्षियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी मामले में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर सवाल उठाने लगे। घंघटना की सूचना पर पहुंचे बहरियाबाद थाना पुलिस और जखनियां तहसील के नायब तहसीलदार ने उचित कार्यवाही का आश्वासन देकर धरना प्रदर्शन समाप्त कराया।


       भुक्तभोगी दशरथ राम ने उपजिलाधिकारी जखनियां को दिये प्रार्थना पत्र मे कहा है कि वह मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। विपक्षीगण हरिवंश आदि ने असलहे से आतंकित कर गत 15 दिसम्बर की रात जबरदस्ती उसका पक्का मकान ढहा दिया। बहरियाबाद थाना प्रशासन की भूमिका हीलाहवाली की रही। आजिज आकर दशरथ ने इस मामले में यथोचित कार्यवाही करने की गुहार एसडीएम जखनियां से लगाई। जब इस घटना की जानकार भीम आर्मी के लोगों को हुई तो पूर्व जिला प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में दर्जनों लोग धरना प्रदर्शन में पहुंच गए। प्रदर्शन की सूचना पर लेखपाल अनुभव सिंह, बहरियाबाद थाने के उप निरीक्षक बलवंता, जखनियां के नायब तहसीलदार पीयूष रंजन मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। प्रदर्शनकरियों ने  आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मकान के ढहाए गये हिस्से का पुनर्निर्माण कराने की मांग की। नायब तहसीलदार ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दिया कि चार दिन में दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं हुई तो 31 दिसंबर को पुनः प्रदर्शन होगा। धरना प्रदर्शन में भीम आर्मी के मनोज गौतम , ऋषभ कुमार, दीपक राव, अजीत कुमार, मोनू, सोनू, मुन्ना, संतोष कुमार, शेखर राम, सिप्पू यादव, अनिल यादव सहित अन्य लोग मौजूद  रहे।

Views: 3

Advertisements

Leave a Reply