महिला चिकित्सक के विरुद्ध लोगों का फूटा गुस्सा
गाज़ीपुर। मुहम्मदाबाद नगर पालिका परिषद की महिला सभासद की बहू के प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मृत्यु के बाद शुरू हंगामा महिनों बाद आज भी लोगों के जेहन में मौजूद है। मंगलवार को अस्पताल पहुंचे लोगों ने राजकीय महिला चिकित्सालय मुहम्मदाबाद में चिकित्सक की गैर मौजूदगी को लेकर हो हल्ला मचाया। बताया गया कि राजकीय महिला चिकित्सालय मुहम्मदाबाद में डा. सपना यादव की तैनाती है लेकिन वह अधिकांश समय अस्पताल से नदारत रहती हैं। मरीजों का कहना है कि डाक्टर साहिबा प्रतिदिन घंटे आधे घंटे के लिए अस्पताल आती हैं और अपनी हाजिरी लगा कर चली जाती हैं। डाक्टर की गैर-मौजूदगी में उनका सारा कार्य संविदा पर तैनात स्टाप नर्सों के द्वारा किया जाता है जिसके चलते जच्चा बच्चा हादसों के शिकार हो रहे हैं। इससे मज़बूरी में मरीजों को प्राईवेट हास्पिटलों की शरण लेनी पड़ती है। मौके पर मौजूद भाजपा युवा मोर्चा के नगर महामंत्री शुभम गुप्ता “मोनल” ने इस बाबत जानकारी हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदाबाद के अधीक्षक डा० आशीष राय से बातचीत की लेकिन उनके जवाब से संतुष्टि न मिलने पर उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी गाजीपुर से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शीघ्र उचित कारवाई का आश्वासन मिलने के बाद मोनल ने बताया कि ये पूरा मामला नगर के आम जनमानस से जुड़ा हुआ हैं और शीघ्र मामले में यथोचित कार्यवाही होगी।
Views: 8








