भास्कर समिति भोजपुरी के 12वें अधिवेशन में लोकार्पित हुआ कविता संग्रह “अंतर्द्वद्व’
युवा शक्ति के आधुनिक चिंतन से बढ़ता है समाज: डॉ सुनील कुमार पाठक
भोजपुर (आरा)। भास्कर समिति भोजपुर का 12वां अधिवेशन, नागरी प्रचारिणी सभागार आरा में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में अतिथियों द्वारा दिनेश पांडेय मनु के कविता संग्रह ‘अंतर्द्वद्व ‘ का लोकार्पण किया गया। साहित्य के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाले महानुभावों को भास्कर प्रभा व भास्कर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
डाॅ.चंद्रशेखर मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि डॉ. सुनील कुमार पाठक ने
ने कहा कि अपने समाज की सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ परम्पराओं को बचाने के साथ ही नयी पीढ़ी को आधुनिक और नैतिकता परक ज्ञान उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
इसके लिए संस्था को बहुस्तरीय और बहुआयामी कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज तभी आगे बढ़ पाता है जब युवाशक्ति आधुनिक ज्ञान-विज्ञान,सोच और चिन्तन से जुड़ी हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाज की मूल इकाई व्यक्ति होता है अत: सुधार के हर तरह के प्रयास व्यक्ति स्तर से शुरु होने चाहिए। गाँव छोड़कर शहर आ चुके लोगों को भी अपने गाँव बच्चों के साथ अवकाश के दिनों में अवश्य जाना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण चेतना विकसित करते हुए वृक्षारोपण में अभिरुचि लेने का सुझाव भी समिति के सदस्यों को दिया।
झारखंड सरकार के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी शंभुनाथ मिश्र ने कहा कि एकता, नियमितता,सुदृढ़ वित्तीय स्थिति और त्याग की भावना से किसी भी संगठन को ताकत मिलती है। कार्यक्रम मेंं प्रमुख रूप से शिवेन्द्र भट्ट, कपिलेश्वर मिश्र, डाॅ.सच्चिदानंद प्रेमी (बिपार्ड, गया), राघव मिश्र, रामेश्वर मिश्र, वंदना पाठक सहित कई बुद्धिजीवियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. दीप्तांशु भास्कर ने किया।
Views: 10









