किसानों को लाभकारी खेती हेतु दी गई तकनीकी जानकारी
गाजीपुर। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत दो दिवसीय गोष्ठी का उद्घाटन सोमवार को मुख्य अतिथि सरिता अग्रवाल अध्यक्ष नगर पालिका परिषद्, गाजीपुर द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केन्द्र, पीजी कालेज, गाजीपुर के वैज्ञानिक डा.वी.के. सिंह ने औद्यानिक फसलों, फलों, सब्जियों को उगाने तथा रख-रखाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक विधि से शाक भाजी की खेती, ड्रेगन फ्रूट, जैविक सब्जी खेती उत्पादन तथा निर्यात करने के मापदंड सब्जी उत्पादन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कृषकों से फल एवं सब्जियों की खेती में तकनीकी अपनाकर लागत को कम एवं आय को अधिक करने के लिए कृषकों का आह्वान किया। डा. शशांक सिंह, वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र, आंकुशपुर द्वारा कृषकों के मध्य वैज्ञानिक विधि से मशरूम उत्पादन तथा मधुमक्खी पालन एवं उससे होने वाली आय के बारे में व्याख्यान दिया। इसी क्रम में डा. रामगोपाल यादव, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र, आंकुशपुर द्वारा औद्यानिक फसलों में लगने वाले रोग एवं कीट पतंगों की रोकथाम के बारे में तथा आधुनिक तकनीकी से कृषकों के लाभ से अवगत कराया। 0
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से आये कृषकों का अभिवादन करते हुए अधिक से अधिक आधुनिक तकनीकी को अपनाकर खेती करने तथा पॉलीहाउस में उत्पादन करने वाले कृषकों को प्रोत्साहित किया। उसमें जरबेरा, यूरोपियन खीरा तथा लाल, पीला व हरा शिमला मिर्च का उत्पादन करने वाले कृषकों की सराहना भी की। इसमें विकास खण्ड रेवतीपुर के ग्राम पकड़ी के प्रगतिशील कृषक अनूप राय का विशेष उल्लेख किया गया जिन्होंने पिंक ताईवान अमरूद के पौधों का रोपण कर सराहनीय कार्य किया है। बताया गया कि उनके पौधों पर लगे एक फल का वजन लगभग 800 ग्राम रहा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजनान्तर्गत चयनित कृषकों को शाकभाजी बीज का वितरण तथा गोष्ठी में लगे तीन उत्कृष्ट तीन स्टॉलों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसमें प्रथम पुरस्कार उपायुक्त स्वतः रोजगार, द्वितीय पुरस्कार बाल विकास परियोजना तथा तृतीय पुरस्कार महर्षि कर्णव, फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लि., करण्डा के स्टॉल को प्रदान किया गया।
गोष्ठी/सेमिनार में जनपद के उप निदेशक कृषि विजय कुमार, जिला उद्यान अधिकारी, गाजीपुर आशीष कुमार, कृषि विज्ञान केन्द्र, पीजी कालेज, गाजीपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा.वी.के. सिंह, वैज्ञानिक डा. धर्मेन्द्र सिंह, वैज्ञानिक डा. रागिनी दूबे तथा कृषि विज्ञान केन्द्र आंकुशपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. रामगोपाल यादव, वैज्ञानिक डा. शशांक सिंह, उपायुक्त उद्योग, लोकेन्द्र कुमार एवं यूपी डास्प प्रभारी विरेन्द्र राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मृत्युंजय सिंह द्वारा किया गया।
Views: 17









