आपातकाल के पचास वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने कांग्रेस को लताड़ा

सत्ता बचाने के लिए संविधान को ताक पर रखकर लगाया आपातकाल


गाजीपुर। आपातकाल के पचास वर्ष पूरे होने पर भाजपा जिला कार्यालय पर सेमिनार आयोजित किया गया। 25 जून 1975 वह काला दिन रहा जिस दिन लोकतंत्र की हत्यारी कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाया था। आपातकाल के पचास वर्ष पूरे होने पर आम जनता को उस काले दिवस का स्मरण कराने के लिए आज अनेक आयोजन हो रहे हैं।

    उक्त बातें सेमिनार को सम्बोधित करते हुए लोकतंत्र सेनानी पूर्व केंद्रीय मंत्री डा महेंद्र नाथ पांडेय ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला दिन है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए संविधान को ताक पर रख कर आपातकाल लागू किया। यह आपातकाल किसी युद्ध, विद्रोह या आर्थिक संकट की स्थिति में नहीं, बल्कि एक व्यक्ति की कुर्सी बचाने के लिए लगाया गया था। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की निष्पक्षता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को बेरहमी से कुचला गया।

        उन्होंने कहा कि एक ही रात में देशभर के विपक्षी नेताओं को बंदी बनाया गया और प्रेस कार्यालयों की बिजली काट दी गई। इसके साथ ही कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका को बंधक बना दिया गया था । उन्होंने कांग्रेस पर संविधान के नाम पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भी कांग्रेस का लोकतंत्र विरोधी चरित्र नहीं बदला है ।कांग्रेस के जेहन में संविधान विरोधी भाव है और अंबेडकर जी के प्रति असम्मान है। कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था नहीं है।

इसके साथ ही डा महेंद्र नाथ पांडेय ने भाजपा जिला कार्यालय पर लगाई गई आपातकाल से सम्बन्धित प्रदर्शनी का उदघाटन कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने नगर के रविन्द्र नाथ टैगोर पार्क में आम का वृक्ष लगाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि नागेन्द्र रघुवंशी,जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय , नगरपालिका चेयरमैन सरिता अग्रवाल, विनोद अग्रवाल जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा मौजूद रहे।

Views: 106

Advertisements

Leave a Reply