रेलवे ट्रैक के पास बेवजह घूम रहे 28 लोगों को आरपीएफ ने किया गिरफ्तार
गाजीपुर। रेलवे ट्रेक की निगरानी में लगे आरपीएफ के जवानों ने रेलवे लाइन के पास बेवजह टहल रहे 28 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उनके परिजनों को बुलाकर उनकी जमानत पर रिहा कर दिया। उल्लेखनीय है कि जिले में रेल पटरी पर पत्थर की गिट्टी रखकर प्रयागराज जाने वाली ट्रेन को बाधित करने का प्रयास किया गया। वहीं उसके कुछ ही दिनों बाद रात के अंधेरे में रेल पटरी पर लकड़ी का मोटा टुकड़ा रखकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस को बाधित करने की कोशिश की गयी थी। इन दोनों मामले में आरपीएफ और जिला पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल की हवा खिला दी। इसके बाद रेलवे ट्रैक की सुरक्षा में उपनिरीक्षक द्वय कमलेश सिंह यादव व जितेंद्र सिंह टीम के साथ पेट्रोलिंग पर थे। उसी दौरान रेलवे ट्रैक पर अनाधिकृत रूप से घूमते अट्ठाईस लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उन लोगों ने अपनी गलती की माफी भी मांगी। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अमित राय ने बताया कि 28 लोगों का रेल अधिनियम के तहत चालान किया है और यह अभियान लगातार चलता रहेगा ताकि रेल ट्रैक पटरी सुरक्षित रहे और रेल यातायात बाधित न होने पाये। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे रील बनाने वाले भी काफी सक्रिय हैं। अब उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Views: 6










