सड़क किनारे अचेतावस्था में मिले युवक की मौत से परिवार में हाहाकार
परिजन लगा रहे जहर देकर मारने का आरोप
गाजीपुर। सड़क किनारे उगी झाड़ी में दोपहर को सादात थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शुक्रवार को एक नवयुवक के अचेतावस्था में पड़ा मिलने पर वहां लोगों की भीड़ लग गयी। युवक के मुंह से झाग निकल रहा था और उसके पास पड़ा मोबाइल बज रहा था। यह देख, ग्रामीणों ने उस पर बात किया तो नवयुवक की शिनाख्त सादात थाना अंतर्गत कुवाटी गांव के अंकित पांडेय (18वर्ष) पुत्र जितेंद्र पांडेय के रूप में हुई।
घटना की जानकारी पाकर उसके परिजन उसे इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैदपुर ले गए। वहां जांचोपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही अस्पताल में मौजूद युवक के पिता जितेंद्र पाण्डेय, मां मिथिलेश और बहन उजाला चित्कार कर उठीं। मृतक के परिजनों ने युवक को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पाकर सादात पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी। युवक की गमगीन मां ने बताया कि अंकित उनका इकलौता पुत्र था, जो कम पढ़ा लिखा और बेरोजगार था। वह मोबाइल देखकर, काम धंधे के लिए ठग के चक्कर में फंस गया था। उसके पिता मुंबई में एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करते हैं। पता चला कि चार दिन पहले अंकित को पेन पैकिंग कर दस से पंद्रह हजार प्रतिमाह कमाने के लिए, विपिन नामक एक लड़के का मैसेज आया था। जब उससे संपर्क किया, तो उसने आठ सौ रुपए भेजने को कहा। जिसके भेजने के बाद, उसने फिर 650 रुपए मंगवाया। आज फिर उसी का फोन आया था कि माल आ गया है और चार हजार रुपए लेकर आओ और माल ले जाओ। उसी काम के लिए वह आज घर से चार हजार रुपए लेकर निकला था। बहन उजाला ने बताया कि उसका मोबाइल लॉक है। सब कुछ उसके मोबाइल में ही है। उसी से वह उस ऑनलाइन ठग के संपर्क में था। थानाध्यक्ष सादात संतोष कुमार राय ने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Views: 8








