जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने सोमेश्वर नाथ महादेव शिवलिंग पर किया रुद्राभिषेक

   गाजीपुर। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रविवार को अपने गृह जनपद गाजीपुर के मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र में बैजलपुर गांव पहुंचे। उन्होंने वहां स्थित प्राचीन भगवान सोमेश्वर नाथ महादेव स्वयंभू शिवलिंग पर रुद्राभिषेक कर दर्शन पूजन किया।
    पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार मनोज सिन्हा वाराणसी से सड़क मार्ग से बैजलपुर महादेव मंदिर पहुंचे। वहां पंडित अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन से उनका स्वागत किया एवं बेल पत्र, गंगा जल, दूध, दही,पंचामृत से षोडशोपचार विधि से भगवान सोमेश्वर नाथ का रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के दौरान उपराज्यपाल ने स्वयं के साथ ही पूरे राष्ट्र के मंगल के लिए भगवान से कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित विभिन्न देवी देवताओं का पूजन किया तथा अत्यंत प्राचीन तालाब का भी निरीक्षण किया।
       बताते चलें कि धारा नगरी के नाम से विख्यात मुहम्मदाबाद तहसील के बैजलपुर गांव में गंगा तट पर नागर शैली में बना हजारों साल पुराना भगवान सोमेश्वर नाथ महादेव का शिवलिंग जमीन की गहराई में 5 फीट नीचे स्थित है, जहां हजारों दर्शनार्थी दर्शन करते हैं। महाशिवरात्रि के पावन पर्व प्रदोष व्रत के मौके पर उपराज्यपाल ने भारत के कल्याण के लिए भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। इसके उपरांत वे अपने पैतृक गांव मोहनपुरा के लिए रवाना हो गये। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की उपस्थिति रही।

Visits: 169

Leave a Reply