भेंट ! मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से की भेंट, दी स्थिति की जानकारी

लखनऊ, 21 दिसम्बर 2019। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर प्रदेश के कानून व्यवस्था की जानकारी दी। इस भेंट को शिष्टाचार भेट बताया गया है। नागरिक संशोधन कानून (सीएए) के खि‍लाफ प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून को हाथ में लेकर उपद्रव व हिंसा की छूट किसी को भी नहीं दी जा सकती है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखने में सरकार का पूर्ण सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि नागरिकता कानून किसी जाति, मत, मजहब के खिलाफ नहीं है बल्कि यह भारत के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारंटी देता है। इसके बाद भी इस प्रकार का हिंसक प्रदर्शन भारत के कानून को नकारने जैसा है।
मुख्यमंत्री ने पुनः इस बात को दोहराया है कि जहां भी सार्वजनिक संपत्ति को उपद्रवियों ने क्षति पहुंचायी है, उस संपत्ति की भरपाई, वीडियो फुटेज तथा अन्य पुष्ट प्रमाणों के आधार पर चिन्हित किए जा रहे उपद्रवियों की संपत्तियों को जब्त करके की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि अफवाहों से बचें और उपद्रवी तत्वों के उकसावे में न आएं। उन्होंने शांति बहाली की अपील करते हुए पुलिस प्रशासन को नागरिकता कानून पर अफवाह फैलाने, लोगों को गुमराह करने और हिंसा फैलाने वाले तत्वों को ढूंढ निकालने के शख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति नागरिकता कानून पर फैलाए जा रहे भ्रम और बहकावे में न आये। प्रदेश में हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करने का दायित्व यूपी सरकार का है और यूपी पुलिस हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान कर रही है।

Views: 40

Leave a Reply