सड़क निर्माण के साथ जल जमाव व गंदगी से निजात हेतु बंद पड़ी नालियों को खुलवाना आवश्यक

गाजीपुर,19 अगस्त 2019। टूटी सड़क, बजबजाती नालियां, चारों तरफ फैली गंदगी और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे हंसराजपुर बाजारवासियों को अब निजात मिलने की सम्भावना बलवती होने लगी है।सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य आरम्भ हो जाने से अब आस जगी है कि हंसराजपुर बाजार को भयंकर जाम से मुक्ति मिल सकेगी।
बताते चलें कि यहां के निवासियों, व्यापारियों तथा बाजारवासियों की उदासीनता के कारण सड़कों तथा आसपास हुए जलजमाव से आवागमन करने वाले लोगों का अब भी भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। अचानक हुई बरसात के चलते तथा बाजारवासियों के घरों से निकला गंदा पानी सड़क पर बहने से जहां चारों तरफ कीचड़ का अंबार लगा है। इस समय उधर से लोगों का गुजरना भी दूभर है। गंदे पानी और कीचड़ में गिरकर अब तक दर्जनों लोग चोटिल हो चुके हैं, साथ ही वहां से उठती भयानक सड़न और दुर्गंध से संक्रामक बिमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। बाजार क्षेत्र में गंदा पानी फैलने का कारण गत वर्षों से नाली का जाम होना व उस पर अतिक्रमण कर दुकान व मकान बनाना है। इसके चलते बाजार के घरों व दुकानों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। बाजारवासी एक दूसरे पर दोषारोपण कर अपना पल्ला झाड़ते रहते हैं। बाजार में फैले गंदे जलजमाव से क्षुब्ध लोगों ने एक बार जल निकासी की समस्या को लेकर चक्का जाम कर अधिकारियों को मौके पर आने के लिए मजबूर कर दिया था। जिस पर उपजिलाधिकारी जखनियां मौके पर पहुंच पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी लगाकर बंद पड़ी नाली को खुलवा कर बाजार का गंदा पानी बाहर निकलवाया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में बाजारवासियों ने फिर धीरे धीरे नाली पर कब्जा जमा लिया और कुछ दिन बितने के बाद एक बार फिर उसी नाली को पाट कर बंद कर दिया, फलस्वरुप एक बार फिर गंदा पानी सड़क के किनारे जमा हो रहा है।
बताते चलें कि कुछ दुकानदारों ने नाली के ऊपर ही अपना चूल्हा चक्की तो कुछ ने नाली के ऊपर ही अतिक्रमण करते हुए अपने मकान तक बना रखे हैं जिसके कारण नाली पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। इससे नाली साफ भी नहीं हो पा रही है।
वुद्धिजीवियों तथा जागरूक लोगों का कहना है कि सरकार भले ही सड़क को ऊंचा और चौड़ी कराकर उन्हें नववर्ष का तोहफा दे रही है परन्तु सत्यता यह है कि घरों से निकलने वाले गंदे पानी के सड़क के पास फैलने से यह सड़क भी फिर खराब हो जायेगी। क्षेत्रीय जनता तथा जागरूक बाजार वासियों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बंद पड़ी नालियों को खुलवा कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध न्यायायिक कार्यवाही की मांग जनहित में की है।


Views: 12

Advertisements

Leave a Reply