भ्रष्टाचार ! जिलाधिकारी ने लगायी फटकार,नहीं बख्से जायेंगे दोषी अधिकारी और कर्मचारी

गाजीपुर,17 नवम्बर 2019। विकासखंड मनिहारी पर गत दिनों मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में की गई धांधली के चलते प्रशासनिक अधिकारियों की हुई किरकिरी पर तमतमाये जिलाधिकारी ओम प्रकाश आर्य ने मनिहारी विकास खंड कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की वास्तविकता जानी। अचानक जिलाधिकारी के जांच पड़ताल से क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विकास खण्ड कार्यालय में उन्होंने प्रभारी खंड विकास अधिकारी पीडी विजय प्रकाश वर्मा से उस योजना के फर्जीवाड़े की विस्तृत जानकारी ली। बताते चलें कि विकासखंड मनिहारी के कर्मचारियों ने दलालों की मिलीभगत से 110 जोड़ो की सूची विवाह योजना हेतु तैयार की थी पर उनकी धांधली की पोल शादी से पूर्व ही खुल गई। इसके चलते 57 जोड़े मंडप में घुसने से पूर्व ही फरार हो गये। इसके चलते मात्र 53 जोड़ों की ही शादी हो सकी। भ्रष्टाचार की इस घटना को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है जो 15 दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट प्रेषित करेगी। विकासखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने प्रसव कक्ष, जांचघर तथा ऑपरेशन थिएटर का मौका मुआयना कर आवश्यक निर्देश प्रभारी चिकित्साधिकारी को दिया। उन्होंने चिकित्सालय में व्याप्त कमियों पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जेसी मौर्य को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
जांच के क्रम में ही जिलाधिकारी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मनिहारी का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने छात्राओं से मुखातिब होकर उनकी शिक्षण, खानपान आदि की समस्याओं की जानकारी ली। विद्यालय के सीढ़ी के दरवाजे तथा खिड़कियों के टूटे होने पर उन्होंने प्रधानाध्यापिका
माधुरी यादव को फटकार लगायी। उन्होंने टूटे खिड़की दरवाजे तथा खराब पड़े आरओ को ठीक कराने की चेतावनी दी। बालिका विद्यालय में व्याप्त कमियों व अनियमितताओं को दूर करने हेतु उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार को शीघ्र कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि योजनाओं में धांधली किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। डीएम की कार्यवाही के चलते क्षेत्रीय अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।

Visits: 104

Leave a Reply