गांधी संकल्प पदयात्रा – कल जखनियां से होगी आरम्भ

गाजीपुर, 01 अक्टूबर 2019। राष्ट्र पिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी लोकसभा गाजीपुर द्वारा 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाली 150 कि.मी. की गांधी संकल्प पद यात्रा का शुभारंभ जखनियां रेलवे स्टेशन के पास से पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा जी द्वारा कल 11 बजे से आरम्भ होगी।
इस यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के सभी पूर्व व वर्तमान जन प्रतिनिधि,सभी पदाधिकारी गण तथा जिले के पार्टी के नेता व कार्यकर्ता भाग लेंगे।यात्रा में पूर्व मंत्री मनोज सिन्हा स्वयं शामिल होकर नेतृत्व भी करेंगे।
इस बात की जानकारी जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के माध्यम से जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने दी है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा कल 2 अक्टूबर को जखनियां से प्रारम्भ होकर 4 अक्टूबर को जखनियां विधानसभा के ही जफरपुर मे विराम लेगी। वहीं 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक दशहरा पूजा के कारण विश्राम करते हुए 10 अक्टूबर को गाजीपुर सदर विधानसभा के अगस्ता से प्रारम्भ होगी और विधानसभा के विभिन्न गांवों का पद भ्रमण करते हुए 12 अक्टूबर को गाजीपुर नगर के नबाब साहब फाटक पहुंचेगी तथा 13 अक्टूबर को जमानियां विधानसभा के देवल से प्रारम्भ होकर भ्रमण करते हुए 15 अक्टूबर को जमानियां नगर में विश्राम करेगी। यात्रा 16 से 21 अक्टूबर तक संगठन पर्व मंडल अध्यक्ष चुनाव के कारण स्थगित रहेगी। पुनः 22,23,24 अक्टूबर को सैदपुर विधान सभा के मिर्जापुर से प्रारम्भ होकर रामपुर मांझा पहुंचेगी। दीपावली पर्व के दृष्टिगत 25 से 28 तक यात्रा स्थगित रहकर पुनः 29 को जंगीपुर विधानसभा में जंगीपुर से प्रारम्भ होकर 31अक्टूबर को शहर के रौजा पर समाप्त होगी। पूरे पदयात्रा के दौरान प्रभातफेरी, वृक्षारोपण, रक्तदान, चिकित्सा सेवा शिविर, जनसंवाद, चौपाल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उनके परिजनों का सम्मान तथा प्लास्टिक प्रयोग उन्मूलन हेतु जनजागरण अभियान का कार्यक्रम भी आयोजित होता रहेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला संयोजक सुनील सिंह तथा विधानसभा सभा स्तर पर जखनियां में प्रभुनाथ चौहान, जमानियां में रमाशंकर उपाध्याय, गाजीपुर सदर में मनोज बिंद,सैदपुर में दयाशंकर पांडेय तथा जंगीपुर में रामनरेश कुशवाहा को संयोजक बनाया गया है।

Visits: 45

Leave a Reply