सीमा सील ! चुनाव हेतु भारत नेपाल-सीमा रहेगी बंद

बहराइच (उत्तर प्रदेश),03 मई 2019। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के मद्देनजर शनिवार से जिले से लगी भारत नेपाल सीमा सील रहेगी और सोमवार को मतदान बंद होने के बाद आवागमन चालू होगा।
पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि लोकसभा चुनावों को शांतिपूर्वक व निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पिछले दिनों दोनों देशों के सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों की समन्वय बैठक में मतदान से 48 घंटे पूर्व सीमा सील करने की सहमति बनी थी। इस संबंध में कल रूपईडीहा थाने में बहराइच व नेपाल के पुलिस अधिकारियों द्वारा हुई बैठक कर समीक्षा की गयी। बैठक में निर्णय लिया गया कि सीमा बंदी के दौरान गंभीर मरीजों व आवश्यक वस्तुओं को सघन तलाशी के बाद आने जाने की अनुमति दी जाएगी।
बताते चलें कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल व पुलिस सीमा पार करने वालों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। अंतरराष्ट्रीय सीमा को जोड़ने वाले सभी कच्चे, पक्के मार्ग, पगडंडियाँ, नदी व नालों की निगरानी के लिये सुरक्षा बल तैनात हैं। जल मार्ग की निगरानी के लिए एसएसबी की जल पुलिस लगाई गई है। सीमा पर वाच टावर, सीसीटीवी कैमरों व खोजी कुत्तों की सहायता से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी के लिए सीमा पर तैनात सभी सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों को चौकस किया गया है। इसमें नेपाल के अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
उल्लेखनीय है कि भारत की 1751 किलोमीटर व उत्तर प्रदेश की करीब 550 किलोमीटर लम्बी सीमा नेपाल से लगी हुई है। उत्तर प्रदेश के बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, लखीमपुर, पीलीभीत, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर जिले नेपाल से सटे हैं। बहराइच में आगामी छह मई तथा बलरामपुर व श्रावस्ती में 12 मई को मतदान होना है।


Views: 8

Advertisements

Leave a Reply