वेलफेयर क्लब ने मनाया अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस

गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),08 मार्च 2019। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वेलफेयर क्लब के तत्वाधान में संत कबीर पब्लिक स्कूल तुलसीपुर में आयोजित गोष्ठी का उद्घाटन क्लब अध्यक्ष डा० शरद कुमार वर्मा तथा विद्यालय के प्रबंधक काशी नाथ कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए क्लब अध्यक्ष ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि आज ही के दिन 8 मार्च सन 1909 में पहली बार अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया था,जबकि इसे संयुक्त राष्ट्र संघ ने सन 1975 से मनाना शुरू किया। विश्व के विभिन्न क्षेत्रो में महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्यार प्रकट करते हुए इस दिन को महिलाओ के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों के प्रोत्साहन तथा उत्सव के तौर पर मनाया जाता है। भारत सीता, सावित्री और लक्ष्मी बाई का देश है, जहां आदिकाल से ही महिलाओं को सम्मान दिया गया है। उन्हें गृहलक्ष्मी के रुप में माना जाता है।कहा गया है कि जिस घर में स्त्री की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं।
विद्यालय प्रबंधक काशी नाथ कुशवाहा ने अपने संबोधन में अह्वान किया कि नारी को सम्मान देना है तो इसकी पहल अपने घर से करे, क्यों बेटों के लिए सभी चीजों की आज़ादी होती है? क्यों बेटी को हर कदम पर प्रतिबंधित कर सिखाया जाता है कि कैसे चलना है, क्या पहनना है, कैसे बात करनी है, कैसे रहना है? यह सारे नियम कानून लड़कियों के लिए ही क्यों बनाया जाता है? परिवार में अपनों के ही तानो का शिकार बनने के बाद एक दिन उस बेटी के हाथ पीले कर उसे दूसरे घर विदा कर दिया जाता है। पति के घर जाने से पहले उसे समझाया जाता है कि अब वही तेरा घर है और जैसे वो चाहेंगे वैसे ही रहना। लड़की भी सोचती कि पहले मायके में सभी के मर्जी से चली और अब ससुराल वालो के हिसाब से चलना ही अपना धर्म है। ये कैसा नारी-सम्मान?
उन्होने समयानुसार इसमें परिवर्तन की सलाह दी।
जनपद गवर्नर पवन पाण्डेय ने बताया कि पैदा होने से लेकर जीवन भर महिलाये केवल अपने मान-सम्मान के साथ जीना चाहती हैं लेकिन उसे सम्मान देने कि जगह समय समय पर तकलीफें दी जाती है, और एक दिन इस सबसे परेशान हो अंततः वह खुद ही जिंदगी से चली जाती है, क्योकि वह जानती है कि न तो समाज बदलेगा और न ही उनकी सोच। इसलिए हम सभी का यह कर्तव्य है कि नारी सम्मान करे और अपने अंदर बदलाव लाए।
इस अवसर पर क्लब उपाध्यक्ष धीरेन्द्र त्रिपाठी, सचिव धर्मेन्द्र कुमार, एड० चन्द्रिका प्रसाद,नीतू राय,अखिलेश्वर वर्मा,स्नेह मौर्या, धर्मेन्द्र जायसवाल, पवन कुमार पाण्डेय, डा० जितेन्द्र कुमार, अजय यादव, प्रमोद बिन्द, मनीष तिवारी,सूर्य रेख मणि आदि उपस्थित रहे । गोष्ठी की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज सिंह कुशवाहा तथा संचालन क्लब पीआरओ अविनाश आनंद तथा आदित्य ने किया।

Views: 50

Leave a Reply