रोड शो ! राहुल और प्रियंका ने दिखाई ताकत

लखनऊ(उत्तर प्रदेश),11 फरवरी 2019।मिशन-यूपी के तहत सक्रिय राजनीति में उतरी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने भाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के नवनियुक्त प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया संग आज पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर लखनऊ पहुंची। हवाई अड्डे पर प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर सहित कांग्रेसी नेताओं ने भरपूर गर्मजोशी से आगन्तुक नेताओं का स्वागत किया। राहुल, प्रियंका और सिंधिया ने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया। हवाई अड्डे से रथ पर आरम्भ हुआ रोडशो आलमबाग, चारबाग और लालबाग होते हुए हजरतगंज पहुंचा। वहां उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रोडशो के दौरान प्रियंका, राहुल और सिंधिया के रथ पर उत्साहित कार्यकर्ताओं ने गुलाब और गेंदे के फूलों की वर्षा की। इससे पूर्व प्रियंका ने कल प्रदेश की जनता के नाम जारी एक ऑडियो क्लिप में कहा था कि उनके दिल में आशा है कि हम सब मिलकर एक नयी राजनीति की शुरुआत करेंगे। एक ऐसी राजनीति जिसमें हम मिलकर भागीदार होंगे। मेरे युवा दोस्त, मेरी बहनें और सबसे कमजोर व्यक्ति सबकी आवाज सुनायी देगी। मेरे साथ मिलकर इस नये भविष्य, इस नयी राजनीति का निर्माण करें। प्रियंका गांधी का रोड शो करीब पांच घंटे चला और लखनऊ के लालबाग में सभा में तब्दील हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रियंका यूपी में कांग्रेस को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस फ्रंटफुट पर खेलेगी और 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
राहुल ने कहा कि यूपी में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। कार्यकर्ता प्रियंका गांधी का सम्बोधन सुनने के लिए उत्सुक रहे परन्तु उनके सम्बोधित न करने से कार्यकर्ता मायूस दिखे।
बताते चलें कि प्रियंका गांधी प्रदेश में चार दिन रहेंगी और पार्टी नेताओं से मिलकर लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी संगठन को मजबुती प्रदान करने का कार्य करेंगी।कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को प्रदेश की कमान सौंप कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मात देने की चाल चली है। प्रियंका को उत्तर प्रदेश में अहम जिम्मेदारी मिलने से कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हैं और इससे संगठन को मजबूती से भाजपा का मुकाबला करने में बहुत मदद मिलेगी।

Views: 53

Leave a Reply