कामयाबी !चोरी की गाड़ियों व माल सहित चार लुटेरे गिरफ्तार

गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),08 फरवरी 2019। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर व क्राइम ब्रांच पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र से चार शातिर अपराधियों को धर दबोचा।
पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक डा.यशवीर सिंह ने आज पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। बताया गया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रविन्द्र भूषण मौर्य रात में रौजा तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे,तभी क्राइम ब्रांच प्रभारी विश्वनाथ यादव अपनी टीम के साथ आ पहुंचे। उसी दरम्यान मुखबीर ने सूचना दी कि कुछ लोग चोरी का वाहन बेचने के लिए जा रहे हैं। मुखबीर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बिलैचिया तिराहा से दो वाहन सहित चार लोगों को चोरी के वाहन मय असलहा गिरफ्तार कर लिया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर एक व्यक्ति फरार हो गया। गिरफ्त में आये अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सामानों को बरामद कर लिया। अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग शहर व आस-पास के सुनसान इलाकों से आने-जाने वालों मालवाहक गाड़ियों को असलहे के बल पर लूट लेते है। गिरफ्तार अपराधियों में अनूप कुमार बिंद पुत्र रामाश्रय बिन्द निवासी छितुआ व अजीत कुमार बिंद पुत्र रामकिशन बिंद निवासी रजादी थाना नंदगंज,अरविंद कुमार बिंद पुत्र जंगबहादुर बिंद निवासी चकअब्दुल सत्तार व गोपाल कुमार बिंद पुत्र स्वर्गीय चंद्रिका बिन्द निवासी औरंगाबाद थाना कोतवाली के निवासी हैं। फरार अभियुक्त की पहचान शातिर अपराधी सोनू बिंद पुत्र नंदू बिंद निवासी सकरा बिंदपुरवा थाना कोतवाली गाजीपुर के रूप में हुई। सभी गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध अनेकों मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिकअप अशोक लीलैंड यूपी 65 ईटी 0560,एक टाटा मैजिक यूपी 53 डीटी 2168,30 पेटी मोबिल आयल, 990 फुट प्लास्टिक पाइप, नौ एलईडी टीवी,दो इंडिया मार्का हैंड पंप,4 मोबाइल, ₹9500 नगद व एक तमंचा 315 बोर मय कारतूस बरामद किया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली सदर के एसएसओ रविंद्र भूषण मौर्य, निरीक्षक प्रशासन बृजेश कुमार यादव,प्रभारी क्राइम ब्रांच निरीक्षक विश्वनाथ यादव, उप निरीक्षक बृजेश कुमार शुक्ला,जितेंद्र कुमार दुबे व विनय कुमार सिंह व उनके सहयोगी रहे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।


Views: 7


Leave a Reply