निधन ! नहीं रहे पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस

नई दिल्ली, 29 जनवरी 2019। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में रक्षा मंत्री रहे जॉर्ज फर्नांडिस का 88 साल की उम्र में आज मंगलवार को निधन हो गया। फर्नांडिस लंबे समय से अलजाइमर से ग्रस्त थे। जॉर्ज फर्नांडिस ने आपातकाल के बाद 1977 का लोकसभा चुनाव जेल में रहकर ही मुजफ्फरपुर सीट से चुनाव लड़े और रिकॉर्ड वोटों से जीत दर्ज की। इसके बाद बनी जनता पार्टी की सरकार में उन्हें उद्योग मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी। बाद में उन्होंने अपनी अलग समता पार्टी बनाई।
वे 1998 से 2004 के बीच देश के रक्षा मंत्री रहे। उनके कार्यकाल में ही पोकरण में सफल परमाणु परीक्षण किया गया। फर्नांडिस देश के इकलौते रक्षामंत्री रहे, जिन्होंने सियाचिन ग्लेशियर का 18 बार दौरा किया था। वर्ष 2004 में ताबूत घोटाला के चलते उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था, जबकि बाद में दो अलग-अलग कमिशन ऑफ इन्क्वायरी में उन्हें दोषमुक्त करार दिया गया। राज्यसभा सांसद के तौर पर संसद में उनका आखिरी कार्यकाल अगस्त 2009 से जुलाई 2010 तक रहा।
जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि जॉर्ज साहब ने भारत के राजनीतिक नेतृत्व का सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधित्व किया। फ्रैंक, निडर और दूरदर्शी होने के साथ उन्होंने हमारे देश के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Views: 92

Leave a Reply