उम्मीद! माधुरी का हाथ, कमल के साथ
मुंबई, 06 दिसंबर 2018। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को आगामी लोकसभा चुनाव में पुणे सीट से चुनावी समर में उतारने पर विचार कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पार्टी के ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान के तहत गत जून में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उनसे मुंबई स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी।
शाह ने इस दौरान अभिनेत्री को नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया था। राज्य के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने बृहस्पतिवार को बताया कि माधुरी का नाम पुणे लोकसभा सीट के लिए चुना गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी 2019 के आम चुनाव में माधुरी दीक्षित को उम्मीदवार बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। हमारा मानना है कि पुणे लोकसभा सीट उनके लिए बेहतर होगी।’’ 51 वर्षीया माधुरी ने तेजाब, हम आपके हैं कौन, दिल तो पागल है, साजन और ‘देवदास’ सहित अनेक बॉलीवुड फिल्मों में अपने काम का लोहा मनवाया है। वर्ष 2014 में भाजपा ने पुणे लोकसभा सीट कांग्रेस से छीनी थी और पार्टी उम्मीदवार अनिल शिरोले ने तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी।
Views: 9









