हॉकी वर्ल्ड कप 2018! भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से रौंदा

नई दिल्ली, 28 नवम्बर 2018। चौदहवें हॉकी वर्ल्ड कप में मेजबान भारत ने 43 साल का खिताबी सूखा खत्म करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। अपने लक्ष्य को निर्धारित कर अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से करारी पटकनी दी। भारतीय टीम ने 2010 के वर्ल्ड कप के बाद यह अपना पहला मैच जीता है। भारतीय टीम ने 2010 में अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से शिकस्त दी थी, पर 2014 में उसे अपने पहले मुकाबले में बेल्जियम से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। भरतीय टीम पिछले वर्ल्ड कप में नौवें स्थान पर रही थी। भारतीय टीम ने एकमात्र वर्ल्ड कप 1975 में जीता है।
उल्लेखनीय है कि मेजबान भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने जहां दो गोल किए,वहीं मंदीप सिंह, आकाशदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने एक-एक गोल दागे। भारत के लिए पहला गोल 10वें मिनट में मंदीप सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से तो दूसरा गोल आकाशदीप ने किया।भारतीय टीम हॉफ टाइम तक 2-0 से आगे थी। भारत की ओर से तीसरा गोल 48वें मिनट में सिमरनजीत सिंह ने किया तो इसके मात्र दो मिनट बाद ही ललित उपाध्याय ने भी बेहतरीन गोल किया। यह तीसरे क्वार्टर का आखिरी मिनट था और भारत को 4-0 से आगे रहा। चौथे क्वार्टर में सिमरनजीत सिंह ने भारत की बढ़त 5-0 कर जीत दिला दी।
भारत ने इस जीत के साथ ही ग्रुप सी में पहला स्थान हासिल कर लिया है। भारत और बेल्जियम दोनों के ही ग्रुप में 3-3 अंक हैं। लेकिन भारतीय टीम बेहतर गोल औसत के कारण पहले स्थान पर है। बेल्जियम ने अपने पहले मैच में कनाडा को 2-1 से हराया। वह ग्रुप में दूसरे नंबर पर है। कनाडा की टीम तीसरे और दक्षिण अफ्रीका की टीम चौथे नंबर पर है।

Views: 46

Leave a Reply