देवाधिदेव महादेव के जलाभिषेक में डूबे श्रद्धालु

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),06 अगस्त 2018।श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए लहुरी काशी के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सावन के दूसरे सोमवार पर उमड़ी श्रद्धालुओं व कांवरियों की भीड़ ने शिवालयों में महादेव का जल,दूध,दही और शहद से रुद्राभिषेक किया जा रहा है। पतितपावनी मां गंगा के शहर के ददरीघाट के अतिरिक्त सैदपुर, चोचकपुर, गौसपुर सहित जिले के सभी घाटों पर कल रात से ही कांवरियों के जत्थों के पहुचने से पूरा क्षेत्र ही भगवामय हो गया। कांवरियों के हर हर महादेव व बोल बम के नारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो रहा है। कांवरियों का हुजूम कांवर में जल लेकर अपने इष्ट देव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए उनकी जय जयकार करते हुए शिवालयों की ओर निकल पड़े। जिले के प्रसिद्ध महाहर धाम, चौमुखनाथ धाम धुवार्जून ,बुढ़े महादेव धाम सैदपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सभी शिवालयों में आज सबेरे से ही जलाभिषेक जारी है। कांवरियों की सुरक्षा में पुलिस जी जान से लगी रही और बैरिकेडिंग कर कांवरियों के लिए रास्ता खाली कराती रही जिसके चलते राहगीरों व शहर निवासियों को रुट डाइवर्जन से गमनागमन में परेशानी उठानी पड़ी , जबकि कांवरियों के मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संस्थाआें और जनसेवियों द्वारा कांवरियों हेतु निशुल्क स्टाल लगा उनके लिए व्यवस्था दी गयी। उन्हें नि:शुल्क चाय, नाश्ता,पानी उपलव्ध कराया जा रहा था। इसमें महुआबाग चौराहा, अंधऊ, देवकठियां, जंगीपुर, बिरनो, भड़सर, बरही आदि जगह मुख्य थे। इस दौरान सुरक्षा हेतु शहर के गंगा घाटों पर भारी संख्या में पुलिस मुस्तैद रही। कांवरियों की भीड़ में महिला शिवभक्तों के साथ साथ छोटे-छोटे बच्चे भी नंगे पांव बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने निकल पड़े।आज दिन भर पूरा क्षेत्र हर हर महादेव और बोल बम के नारों से गुंजायमान रहा।

Views: 19

Leave a Reply