अधिवेशन ! आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांगों के समर्थन मे पूर्व मंत्री ने दिया सहयोग का आश्वासन

गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),28 जुलाई 2018।केंद्रीय श्रम संगठनों से सम्बद्ध महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ का आंगनबाड़ी बचाओ संयुक्त संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में स्थानीय लंका मैदान सभागार में सम्पन्न हुआ।
इस मंडलीय अधिवेशन के मुख्यअतिथि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सपा सरकार ने आंगनबाड़ियों के मानदेय में 1000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की थी,जो आज भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिल रहा है। प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार ने आंगनबाड़ियों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर चलाए गए 2 महीने के धरना प्रदर्शन के बाद भी समुचित कदम नहीं उठाया और मानदेय काटने का काम किया है,जो न्याय संगत नहीं है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की जायज मांगों के समर्थन में सहयोग का आश्वासन दिया।
महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री नीलम पांडेय ने कहा कि पिछले दिनों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 2 महीने तक धरना प्रदर्शन किया था लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। सरकार के इस अत्याचार को हमलोग बर्दाश्त नहीं करेंगी। प्रदेश उपाध्यक्ष माया सिंह ने सरकार से अपनी बात मनवाने के लिए एकजुट होकर भागीदारी निभाने पर बल दिया । उन्होंने आंगनबाड़ियों से अपनी मांगों के समर्थन में भविष्य में होने वाले धरना प्रदर्शनों में जोरदार भागीदारी की अपील की। विद्युत मजदूर पंचायत के अतिरिक्त प्रांतीय महामंत्री निर्भय नरायण सिंह ने अपने संबोधन में श्रमिक संगठनों को एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए आंदोलन शुरू करने की वकालत की।
समारोह की अध्यक्षता कर रही आंगनबाड़ी बचाओ संयुक्त संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश की संयोजक वीना गुप्ता ने कहा कि संयुक्त संघर्ष मोर्चा किसी भी सूरत में आंगनबाड़ियों के साथ अन्याय नहीं होने देगा। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के अधिकार की लड़ाई में संयुक्त संघर्ष मोर्चा हर तरह से लड़ने को तैयार है।
मंडलीय अधिवेशन में गाजीपुर, के अतिरिक्त वाराणसी, जौनपुर,चंदोली सहित विभिन्न जनपदों की हजारों कार्यकत्रियां उपस्थित रही। जिनमें मुख्य रुप से प्रदेश संयुक्त मंत्री नीतू सिंह, मंडल अध्यक्ष शीला तिवारी,जिला अध्यक्ष वाराणसी उषा सिंह, जिला अध्यक्ष चंदौली सुषमा मिश्रा, जिला अध्यक्ष गाजीपुर चंद्रप्रभा सिंह, जिला संरक्षक अमरनाथ दुबे, महामंत्री माया सिंह, जिला कोऑर्डिनेटर तिलकू कुशवाहा, राजेश कुमार, सतीश गुप्ता, विद्युत विभाग के अंकुर पांडे, विजय शंकर राय, अजय विश्वकर्मा, अश्वनी सिंह, विनय तिवारी, प्रवीण सिंह, इंतजार अहमद के जावेद अहमद, संजीव सिंह, अमित सिंह, अभिषेक यादव सहित हजारों कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जेसी तिवारी ने किया।

Visits: 20

Leave a Reply