डॉ. गजाधर शर्मा गंगेश “डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान” से सम्मानित
गाजीपुर। “गंधर्व म्यूजिक एकेडमी ग़ाज़ीपुर” की सुरमयी यात्रा के 11वें वर्ष में प्रवेश करने पर भव्य सांस्कृतिक उत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन तुलसी सागर स्थित गन्धर्व म्यूजिक एकेडमी पर सम्पन्न हुआ।
समारोह का शुभारम्भ अंतर्राष्ट्रीय गीता गुरुकुल फाउंडेशन, मिशिगन – अमेरिका के संस्थापक श्री योगी आनंद जी महाराज, अपर जिला अधिकारी सुनील त्रिवेदी, जेल अधीक्षक जेपी दूबे, सीओ मुहम्मदाबाद सुधाकर पाण्डेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। एकेडमी के छात्रों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रसार भारती के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार राम अलम सिंह मधुर ने राही जी की रचनाओं को सुनाकर लोगों को भाव विभोर कर दिया। वहीं गीत से प्रभावित होकर सीओ मोहम्मदाबाद ने पुलिस की वर्दी के पीछे छुपे इच्छाओं को मारकर जीने वाले एक मानव की व्यथा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा सेवाभाव हेतु जनपद के भांवरकोल स्थित कठार ग्राम निवासी *विद्यार्थियों के आदर्श शिक्षक, सफल लेखक और कुशल पत्रकार “डॉ. गजाधर शर्मा गंगेश जी” को वर्ष 2026 के “डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान”* से सम्मानित किया गया। वहीं शास्त्रीय संगीत जगत में वैश्विक पहचान बना चुके और देश-विदेश में संगीत की शिक्षा दे रहे बनारस घराने की 500 वर्ष पुरानी परंपरा के वंशज “सुप्रसिद्ध सितार वादक पंo देवब्रत मिश्रा जी” को अतिथि कलाकार के रूप में सम्मानित किया गया। एकेडमी के विद्यार्थी दीपक कुमार और अंकित राजभर को स्टूडेंट ऑफ द ईयर सम्मान से सम्मानित किया गया।
डॉ. गजाधर शर्मा गंगेश ने साहित्य में एकांकी और नाटक के अंतर को स्पष्ट करते हुए शिक्षा और शिक्षक की समाज में भूमिका पर व्यापक चर्चा की। बनारस घराने से आए पं. देवब्रत मिश्रा जी ने शास्त्रीय प्रस्तुति देकर लोगों को संगीत के सबसे पुराने घराने का विधिवत परिचय दिया।
अंत में एडीएम भू/राजस्व, जेल अधीक्षक, सीओ मुहम्मदाबाद, राम अलम सिंह, प्रसिद्ध तबला वादक नीलेश दुबे, फिरोज खान साहित अतिथियों को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम तथा गीता जी की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। एकेडमी निदेशक डॉ. विद्यानिवास पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष संगीत जगत से एक विद्वान कलाकार को आमंत्रित किया जाता है जिससे एकेडमी के छात्रों की संगीत के प्रति रुचि एवं ज्ञान वृद्धि हो। समारोह में अर्थशास्त्री डॉ. श्रीकांत पाण्डेय, डॉ. डीपी सिंह, डॉ. सर्वेश पाण्डेय, डॉ. आनंद अग्रवाल, श्रीमती शीला सिंह, नागेश मिश्रा, अमरनाथ तिवारी, दिलीप आर्य, शिवानी पाण्डेय, दिनेश शर्मा, मधु यादव, स्वप्निल राजन आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन आकाश विजय त्रिपाठी ने तथा आभार ज्ञापन संस्था संरक्षक नागेन्द्र नाथ पांडेय ने किया।
Views: 0








