समारोह की खुशी मातम में बदली ……..
जीजा साले की मौत से दो परिवारों में मचा हाहाकार
जौनपुर। यादव नगर औरा में स्कार्पियो और बाइक की जोरदार टक्कर में बुधवार की रात जहां बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि यादव नगर औरा निवासी गुड्डू 30 वर्ष पुत्र रामलाल के बड़े भाई राहुल के बेटी के लड़के की बरही का कार्यक्रम था। रात में बिजली कट जाने के कारण बैटरी लेने के लिए वह बाइक से अपने जीजा संतोष 35 वर्ष निवासी पोखरिया लाला बाजार, सिकरारा, जौनपुर के साथ हाईवे स्थित टेंट हाउस पर गये थे। बैटरी लेने के बाद बैटरी कनेक्शन लगाने के लिए आकाश (14 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रमाशंकर गौतम भी बाइक पर बैठ गया। तीनों जैसे ही घर की तरफ बढ़े, जौनपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने यादव नगर औरा के पास टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुड्डू और उनके जीजा संतोष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कार्पियो चालक गाड़ी सहित मौके से भाग निकला। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामपुर विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि घायल का इलाज भदोही के निजी चिकित्सालय में चल रहा है। अज्ञात स्कॉर्पियो की तलाश जारी है।
Views: 49








