खेत खाय गधा, मारा जाए जुलाहा 

घायल महिला ने पुलिसकर्मियों पर लगाया पिटाई का आरोप


गाजीपुर। किसी एक व्यक्ति की गलती की सजा उसकी पड़ोसन को दिया जाना कभी भी न्याय संगत नहीं हो सकता। इसके बावजूद पड़ोसी के एक पुराने प्रेम प्रसंग के मामले में पुलिस पर पड़ोसी विधवा महिला ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, एक तरफ जहां पुलिस मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने का अभियान चला रही है वहीं दूसरी तरफ पुलिस बेवजह विधवा महिला का उत्पीड़न उस मामले में कर रही है जिससे उसका कोई मतलब नहीं है।

          यह मामला करीमुद्दीनपुर थाना पुलिस का है। पुलिस गण्डपा गांव की विधवा महिला गुनिया देवी को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस ने गुनिया देवी को पीटा और उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रात में छोड़ दिया। परिवार के लोगों ने उन्हें गाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। 

     बताया गया कि यह मामला छह माह पूर्व गण्डपा गांव के एक अवैध प्रेम प्रसंग का है। जानकारी के अनुसार, गांव के मार्कण्डे बिन्द का पुत्र कल्लू बिन्द गांव के भुवर गोंड़ की पुत्री खुशबू गोंड़ के साथ फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में लगी थी। उसी क्रम में गत दस अक्टूबर को पुलिस गांव पहुंची। जब वहां कल्लू और उसके परिजन नहीं मिले तो पुलिस ने उस परिवार से अलग रहने वाली विधवा गुनिया देवी पत्नी स्व. ओमप्रकाश बिन्द को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। 

      गुनिया देवी का कहना है कि उस मामले से उसका कोई संबंध नहीं था और वह वर्षों से उस परिवार से अलग रहती थी। इसके बावजूद पुलिस उन्हें थाने ले जाकर मारा पीटा। पीड़ित परिवार का कहना है कि गुनिया देवी को थाने में घंटों तक हिरासत में रखा गया।जब उनकी तबीयत बिगड़ी, तब पुलिस उन्हें छोड़कर चली गई। परिजनों ने अस्पताल पहुंचने पर महिला की हालत गंभीर बताई। 

Views: 74

Advertisements

Leave a Reply