जिले की महिला मत्स्य उद्यमी से प्रधानमंत्री ने किया संवाद, दिए महत्वपूर्ण सुझाव

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली, जनपद के सादात नगर के वार्ड दस निवासिनी महिला मत्स्य उद्यमी कु. डॉ. सुबुही आब्दी से संवाद कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आवश्यक सुझाव दिया।


       बताते चलें कि बीते शनिवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पूसा दिल्ली में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सादात नगर निवासिनी महिला मत्स्य उद्यमी कु. डॉ. सुबुही आब्दी को भी आमंत्रित किया गया था। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मत्स्य पालन से संबंधित संवाद किया। इस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री जी मत्स्य पालन और गतिविधियों में सफलता प्राप्त करने के लिए डॉ. आब्दी को महत्वपूर्ण सुझाव और मार्गदर्शन दिया। प्रधानमंत्री से वार्ता कर और आवश्यक सुझाव मिलने से वह काफी खुश और उत्साहित हैं। दिल्ली से सादात वापस लौटी डॉ. सुबुही आब्दी ने बताया कि इस संवाद कार्यक्रम में देश भर के आठ राज्यों से उद्यमियों को आमंत्रित किया गया था। इनमें उत्तर प्रदेश से एक मात्र मत्स्य उद्यमी के रूप में वह उपस्थित रहीं। संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने उनसे गाजीपुर जनपद के सादात में सजावटी मछली का प्रजनन एवं पालन केन्द्र संचालित करने के पीछे की मंशा के बारे में जानकारी लिया। साथ ही उन्होंने वर्ष 2023-24 से (पी.एम.एम.एस.वाई.) योजना अंतर्गत संचालित इस मेगा प्रोजेक्ट से होने वाले लाभ, इससे जुड़े कर्मचारियों आदि के सम्बन्ध में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने आवश्यक सुझाव भी दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री से संवाद के बाद उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ है, जो प्रोजेक्ट के विकास में सहायक साबित होगा। 

          उल्लेखनीय है कि डॉ. सुबुही आब्दी सादात में उत्तर प्रदेश सरकार ,स्थानीय  जिला प्रशासन व मत्स्य विभाग उत्तर प्रदेश  के सहयोग से सजावटी मछली का प्रजनन एवं पालन केन्द्र संचालित कर रही हैं। उन्होंने सादात के समता इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट करने के बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से एम.फिल. और पीएचडी की उपाधि हासिल की है। वह मत्स्य से जुड़े कई अनुसंधान कर चुकी हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग के साथ दो वर्ष कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि युवा वर्ग को प्रशिक्षित करके मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना चाहती हैं, जिसमें महिलाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी हो। 

Views: 35

Advertisements

Leave a Reply