ट्रैक्टर और ट्रेलर की भिड़ंत में साइकिल सवार की मौत 

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के ब्रह्म बाबा मन्दिर दौलतनगर के समीप, मंगलवार की दोपहर में सरिया लदे ट्रैक्टर और ट्रेलर की आमने सामने भिड़ंत में वहां से गुजरते साइकिल सवार नगीना राम पाल (65 वर्ष) पुत्र स्व. देवनन्दन पाल निवासी दौलतनगर थाना शादियाबाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त थे।


        बताया गया कि दौलतनगर निवासी सेवानिवृत्त सीआरपीएफ जवान नगीना राम पाल सादात बाजार से घरेलू सामान खरीदकर साइकिल से घर वापस जा रहे थे। वह जैसे ही खुटहीं गांव से निकल कर बहरियाबाद- शादियाबाद मुख्य सड़क पर पहुंचे, तभी शादियाबाद की तरफ से जा रहा ट्रेलर और मजुई की तरफ से आ रहे सरिया लदे ट्रैक्टर में भिडन्त हो गई। उसकी चपेट में आकर नगीना पाल की मौके पर ही मौत हो गई। तेज टक्कर में ट्रेलर का डीजल टैंक मौके पर ही टूट गया और चालक ट्रेलर लेकर भाग निकला लेकिन टैंक से डीजल गिरने के कारण मजुई स्थित पेट्रोल पंप तक जाते जाते ट्रेलर बंद हो गया तो चालक ट्रेलर को वहीं छोड़ कर फरार हो गया।  वहीं दुर्घटना ग्रस्त ट्रैक्टर का चालक भी क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को मौके पर ही  छोड़कर फरार हो गया।

         मृत साइकिल सवार की दो पत्नियां परमतिया उर्फ बरमतिया और राधिका देवी के साथ ही उनकी चार पुत्री सामा, माया, प्रीती, दीपा और एक पुत्र मोनू पाल घटना से मर्माहत रहे और उनके चित्कार से माहौल गमगीन रहा। घटना से आक्रोशित मृतक परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। दुर्घटना की सूचना पर  सादात व शादियाबाद थाना पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। शादियाबाद थाना प्रभारी श्यामजी यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। वहीं मृतक के भतीजे उपेन्द्र कुमार पाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Views: 124

Advertisements

Leave a Reply