ज्ञान विज्ञान ! प्रदर्शनी में शिक्षार्थियों ने अपनी क्षमता को दिया आयाम

गाजीपुर,26 दिसम्बर 2019। नवान्वेषण देश के प्रगति की आधारशिला है। अगर पुरी दुनिया में भारत को अग्रणी बनना है तो ऐसी शिक्षा व्यवस्था देश के सभी विद्यालयों मे होनी चाहिए,जिससे देश समृद्धि के मार्ग प्रशस्त हों।
उक्त वक्तव्य आज पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने रेनबो मॉडर्न स्कूल एवं रेनबो महिला संस्थान नन्दगंज के संयुक्त तत्वाधान में छात्र- छात्राओं द्वारा “अंकुरण 2019 कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी” कार्यक्रम के आयोजन अवसर पर प्रदर्शनी के अवलोकनोपरान्त छात्र छात्राओं तथा उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि जिस उद्देश्य को लेकर विद्यालय की स्थापना प्रबंधक राजकिशोर जी ने की वह पुरी तरह से सफल हुआ है। जिस तरह के नवान्वेषण शिक्षा की जरूरत आज देश को है, यह विद्यालय उसे पूरा कर रहा है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने देश में सबको शिक्षा मिले, उसके लिए सर्व शिक्षा अभियान की शुरुआत किया और उस प्रयास को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी आगे बढा रहे है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के सर्वेक्षण करने वाली एक संस्था ने तीन वर्ष पहले एक सर्वेक्षण मे रिपोर्ट दिया कि भारत मे कक्षा तीन के छात्रों को जोड़ घटाना भी नहीं आता है। पूर्व मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि आज की परिस्थितियों में शिक्षा सिर्फ ज्ञान देने के लिए नही सुसंस्कृत बनाने के लिए होना चाहिए। बच्चों को समय समय पर ज्ञानके लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य केदारनाथ सिंह ने कहा कि इस विद्यालय का ग्रामीण छात्र छात्राओं को दिए जाने वाला सुविधा निश्चित तौर पर सराहनीय है। विद्यालय छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के अतिरिक्त इस प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों के अंदर कला एवं विज्ञान के प्रति जागरूकता को निखारने का भी काम कर रहा है।
आयोजित प्रदर्शनी मे प्रथम स्थान पर नागरिकता संसोधन अधिनियम, हेल्थ कैम्प पैथोलॉजी, द्वितीय स्थान पर अब तो बदलो भारत, द ग्रेट इंडियन आर्मी, धारा 370, और तृतीय स्थान पर डिजेस्टिव सिस्टम, चंद्रयान – 2, फ्यूचर इंडिया रहे।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं द्वारा विज्ञान एवं तकनीकी, सामाजिक विषय एवं ज्वलंत मुद्दों पर प्रतिकृति बनाई गई जिसमें प्रमुख रुप से नागरिक संशोधन अधिनियम, भारत को जगाए नारी को संबल बनाएं, जम्मू कश्मीर धारा 370 के पहले धारा 370 के बाद, ग्रीन रिवॉल्यूशन इन न्यू एरा, सोलर एनर्जी, अब तो बदलो भारत, चंद्रयान 2, स्मोक अब्जॉर्बर मशीन, यूवी प्यूरीफायर, इंडियन डिफेंस सिस्टम, प्रोसेस ऑफ कॉपिंग, मैग्नेटिक सेपरेटर, लेजर लाइट सिक्योरिटी आदि प्रोजेक्ट प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में विशेष प्रतिकृति के तौर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की डेढ़ सौवीं जयंती से संबंधित एक झांकी भी प्रदर्शित की जहाँ बापू के सबसे प्रिय चरखा को दिखाया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, भानु प्रताप जायसवाल,विनोद अग्रवाल, सच्चिदानन्द सिंह,सुनील सिंह,राजेश भारद्वाज,रूद्रा पांडेय, योगेश सिंह,शशिकांत शर्मा, अमरेश गुप्ता, मयंक जायसवाल,मनोज बिंद सहित आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वाणिज्य के प्रवक्ता तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष विनीत कुमार शर्मा ने किया।

रिपोर्ट – शशिकांत शर्मा

Visits: 33

Leave a Reply