राष्ट्रपति ! दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे ओडिशा

भुवनेश्वर, 27 सितंबर 2019। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द कल गंजाम जिले में गोपालपुर स्थित सेना के आर्मी एअर डिफेंस कॉलेज (एएडीसी)के समारोह में शामिल होने हेतु आज दो दिन के ओडिशा दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचे।
राष्ट्रपति के यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रताप सारंगी, मुख्य सचिव ए के त्रिपाठी और पुलिस महानिदेशक बी के शर्मा ने स्वागत किया।
अधिकारियों ने बताया कि पत्नी सविता कोविन्द के साथ यहां पहुंचने के तुरंत बाद राष्ट्रपति वायुसेना के हेलीकॉप्टर से गोपालपुर रवाना हो गए। वे रात्रि विश्राम वहीं करेंगे।
उल्लेखनीय है कि थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत भी सेना के एएडीसी में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। राष्ट्रपति समारोह में आर्मी एअर डिफेंस कोर को ‘प्रेजिडेंट्स कलर्स’ सम्मान प्रदान करेंगे।‘प्रेजिडेंट्स कलर्स’ किसी सशस्त्र बल संगठन के लिए सर्वोच्च सैन्य सम्मान है। इस सर्वोच्च पुरस्कार के लिए चयन शांति और युद्धकाल दोनों में प्रदर्शन और उपलब्धि के आधार पर किया जाता है। वर्ष 1989 में एक स्वायत्त इकाई के रूप में स्थापित आर्मी एअर डिफेंस कॉलेज में एअर डिफेंस कोर के कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। पूर्व में इसका नाम एअर डिफेंस एंड गाइडेड मिसाइल स्कूल एंड सेंटर था।


Views: 11

Advertisements

Leave a Reply