आघात !कुपवाड़ा में घायल मेजर ने चिकित्सा के दौरान तोड़ा दम

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),14 अप्रैल 2019। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में शनिवार की शाम नियंत्रण रेखा के समीप माछिल सेक्टर में सर्च आपरेशन के दौरान गहरी खाई में गिरने से घायल जिले के लाल मेजर विकास सिंह 31 वर्ष पुत्र स्व. जितेन्द्र सिंह ने आखिर चिकित्सा के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। इस घटना की सूचना से पूरे ताड़ीघाट गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार जिले के ताड़ीघाट गांव के निवासी विकास सिंह वर्ष 2010 में 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स में लेफ्टीनेंट पद पर भर्ती हुए थे,जो वर्तमान में कुपवाड़ा में नियुक्त थे। शनिवार की देर शाम सर्च आपरेशन के दौरान वे पैर फिसलने से गहरी खांई में गिर गये थे। सहयोगियों ने गम्भीर रुप से घायलावस्था में उन्हें इलाज हेतु श्रीनगर के सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उनकी मौत हो गयी। विभागीय उच्चाधिकारियों द्वारा इसकी सूचना वाराणसी में रह रही उनकी पत्नी आंचल सिंह को दी गयी। मृतक मेजर विकास सिंह की शादी 28 फरवरी 2018 को बलिया के आंचल सिंह के साथ हुई थी। आंचल ने ही इस हृदयविदारक घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही उनके परिजनों में हाहाकार मच गया।

अधिकारिक सूत्रों के मिली जानकारी के बाद थानाध्यक्ष सुहवल उनके घर पहुंचकर स्थिति की जानकारी प्राप्त की। बताया कि विकास सिंह अपने माता पिता के इकलौते पुत्र थे और उनके पिता की पूर्व में हत्या हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मेजर का शव कल दोपहर बाद पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है।

Views: 50

Leave a Reply