लाखों रुपये के अवैध शराब व वाहन संग दो तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे
गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),18 फरवरी 2019। शराब तस्करी में लिप्त गहमर पुलिस को रात में बड़ी कामयाबी मिली। थानाध्यक्ष गहमर निरीक्षक बलवान सिंह की टीम ने क्षेत्र के मगरखाई मोड़ बारा के पास से एक टाटा सफारी सहित लाखों रुपये मूल्य की 2400 शीशी अवैध शराब के साथ दो अन्तरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक तस्कर मौके से फरार हो गया। एसपी ग्रामीण चंद्र प्रकाश शुक्ला ने आज यह जानकारी पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि शराब तस्कर पंजाब निर्मित अवैध शराब उत्तर प्रदेश से बिहार ले जा रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गये। गिरफ्तार अभियुक्त में सोनू सिंह पुत्र राधे सिंह व मनीष सिंह पुत्र नागेंद्र सिंह निवासी साधोपुर थाना मुहम्मदाबाद जिला मऊ हैं, जबकि रवि सिंह पुत्र लालजी सिंह निवासी खैरातपुर थाना सिधारी जिला आजमगढ़ मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस टीम में निरीक्षक बलवान सिंह के अतिरिक्त उपनिरीक्षक द्वय यजूवेन्द्र सिंह व दिव्य प्रकाश सिंह, आरक्षी आनंद कुमार, सच्चिदानन्द दूवे, अजीत कुमार व संजय कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को 5,000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गयी है।
Views: 15








