निधन ! नहीं रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार

नई दिल्ली,12 नवम्बर 2018 । केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार 59 वर्ष का आज सोमवार की अलसुबह बेंगलुरु में निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार कैंसर से पीड़ित अनंत कुमार का इलाज बेंगलुरु में बासवानागुड़ी के श्री शंकर कैंसर अस्पताल में चल रहा था । केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं सहित अनेकों लोगों ने गहरा दुख और संवेदना व्यक्त किया है।
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कुमार एक बेहतरीन नेता थे जो अपने युवा काल में ही सार्वजनिक जीवन में उतर आए थे। उन्होंने पूरी निष्ठा और लगन के साथ समाज की सेवा की। उन्हें उनके अच्छे कार्यों के कारण हमेशा याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने उनकी पत्नी डॉ. तेजस्विनी से बात की है और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ ह्रदय से खड़ा हूं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद अनंत कुमार के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। एक नेता के रूप में यह बड़ी क्षति है और खासतौर से कर्नाटक के लोगों के लिए एक बड़ी त्रासदी। मेरी उनके परिवार, साथियों और उनसे जुड़े अनगिनत लोगों के साथ संवेदनाएं हैं।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ साथी अनंत कुमार के निधन पर कहा कि यह जानकर सदमा लगा और बेहद दुख हुआ कि वे अब हमारे साथ नहीं रहे। वे एक अनुभवी सांसद थे। उन्होंने कई क्षमताओं में देश की सेवा की। लोगों का कल्याण करने का उनका जज्बा और निष्ठा सराहनीय रही। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कुमार के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। ओम शांति।’
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी कुमार के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने ट्वीट किया, “यह जानकर बहुत दुख हुआ कि श्री अनंत कुमार हमारे बीच नहीं रहे। भाजपा के लिए देशभर में और कर्नाटक में साथ-साथ काम किया। बेंगलुरु हमेशा से उनके दिलो-दिमाग में बसा हुआ था। ईश्वर उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।”
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने श्री कुमार के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह “मूल्यों पर चलने वाले’’ नेता थे जिन्होंने एक केंद्रीय मंत्री और सांसद के तौर पर देश के लिए अहम योगदान दिया।कर्नाटक सरकार ने सोमवार तड़के केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के निधन पर 14 नवंबर तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित करते हुए उनके सम्मान में सोमवार को छुट्टी की भी घोषणा की।

Views: 48

Leave a Reply