लोकपाल ! सरकार ने गठित की सर्च कमेटी 

नयी दिल्ली,28 सितंबर 2018। भ्रष्टाचार रोधी संस्था लोकपाल के गठन हेतु अध्यक्ष और इसके सदस्यों के नामों की सिफारिश करने के लिए केंद्र सरकार ने कल आठ सदस्यीय एक खोज समिति का गठन किया। इस समिति की अध्यक्षता उच्चतम न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई करेंगी। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहद भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की पूर्व अध्यक्ष अरूंधति भट्टाचार्य, प्रसार भारती के अध्यक्ष ए सूर्य प्रकाश और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख ए एस किरन कुमार व इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सखा राम सिंह यादव, गुजरात पुलिस के पूर्व प्रमुख शब्बीर हुसैन एस खंडवावाला, राजस्थान कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ललित के. पवार और पूर्व सॉलीसीटर जनरल रंजीत कुमार को खोज समिति का सदस्य बनाये गये हैं। आठ सदस्यीय इस खोज समिति को लोकपाल और इसके सदस्यों की नियुक्ति के लिए नामों की सूची बनाने का अधिकार दिया गया है। इस सम्बन्ध में कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि लोकपाल चयन की प्रक्रिया लोकपाल अधिनियम में निर्धारित दिशानिर्देशों के मुताबिक आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लोकपाल के गठन की दिशा में खोज समिति एक बड़ा कदम है। समिति जल्द ही अपना कामकाज शुरू करेगी। लोकपाल एवं लोकायुक्त अधिनियम को 2013 में पारित किए जाने के चार साल बाद खोज समिति का गठन करने का फैसला किया गया है।
ज्ञातव्य है कि लोकपाल चयन समिति के अध्यक्ष प्रधानमंत्री हैं जबकि इसके सदस्यों में लोकसभा स्पीकर, निचले सदन (लोकसभा) में विपक्ष के नेता, देश के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) या उनके द्वारा नामित शीर्ष न्यायालय के कोई न्यायाधीश और राष्ट्रपति द्वारा नामित किए जाने वाले एक प्रख्यात न्यायविद या अन्य शामिल हैं।

Views: 41

Leave a Reply