लूट ! मंत्री के घर के समीप कारोबारी से दो लाख की लूट

कानपुर (उत्तर प्रदेश),09 जून 2018। शहर के रतनलाल नगर इलाके में दो बाइक सवार हौसलाबुलन्द लूटेरों ने शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे जेलमंत्री के घर के समीप एक कारोबारी से दो लाख रुपए लूटकर चम्पत हो गए। बताया गया कि रतनलाल नगर के राजकुमार सचवानी का नयागंज में दोना-पत्तल का बड़ा व्यवसाय है और वे जेल मंत्री जयकुमार जैकी के आवास के सामने एक फ्लैट में रहते हैं। कल रात बारह बजे वह नयागंज स्थित प्रतिष्ठान बंदकर नौकर रामकुमार के साथ स्कूटी से अपने आवास पहुंचे। स्कूटी में आगे की ओर रखा कैंपर उतारकर नौकर गाड़ी पार्किंग में खड़ी करने अंदर चला गया। इस दौरान वह अपार्टमेंट के बाहर कैंपर पर रुपयों से भरा बैग रख नौकर का इंतजार कर रहे थे। इतने में दो बाइक पर सवार पांच बदमाश उनके पास आये और एक लूटेरे ने झुक कर उनका पैर छुआ तभी दूसरे लूटेरे ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसके बाद वे शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए रुपयों भरा बैग छीन लिया और तमंचा लहराते हुए भाग निकले। घटना की सूचना पर पहुंचे गोविंदनगर इंस्पेक्टर को भुक्तभोगी ने बताया कि बैग में दो लाख रुपए थे। पुलिस तहरीर लेकर लूटेरों की खोज में लगी हुई है।


Views: 6

Advertisements

Leave a Reply