मामूली विवाद में चली गोली, घायल ने तोड़ा दम
गाजीपुर। होली के दिन बच्चों द्वारा रंग फेंकने के मामूली विवाद ने होली के चार दिन बाद हिंसक रूप धारण कर लिया। यह घटना करंडा थाना क्षेत्र के चांड़ीपुर गांव में रविवार को घटी। जनचर्चा के अनुसार, होली के दिन बच्चों द्वारा रंग फेंकने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर कर मामला शांत करा दिया। रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को पुनः उबाल में आ गया। उसी बात को लेकर रविवार को आस मुहम्मद और उनके परिजन विपक्षी के दरवाजे पर पहुंच गाली-गलौज कर देख लेने की थमकी देने लगे। बढ़ते विवाद के बीच आरोपी युवक ने अपनी बंदूक से फायर कर दिया। गोली लगने से आस मुहम्मद (55 वर्ष) घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर सनसनी फ़ैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आस मुहम्मद को इलाज हेतु मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में फैले तनाव और किसी अप्रत्याशित घटना के नियंत्रण हेतु गांव में पुलिस बल तैनात है। अधिकारी गण गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत करा दिया था। उसी विवाद को लेकर रविवार को फिर विवाद हो गया। एएसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
Views: 35









