राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर प्रधानमंत्री ने दी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, 26 जनवरी 2020। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज पहली बार नव निर्मित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। पारंपरिक कुर्ता पाजामा, जैकेट के साथ केसरिया रंग का साफा पहने प्रधानमंत्री ने इंडिया गेट पर स्थित अमर जवान ज्योति के बजाय नव निर्मित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
    उल्लेखनीय है कि इंडिया गेट परिसर में स्थित इस स्मारक का उद्घाटन 25 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में फैले राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में चार चक्र “अमर चक्र”, “वीरता चक्र”, “त्याग चक्र” और “रक्षक चक्र” हैं जिन पर ग्रेनाइट के पत्थरों पर स्वर्णाक्षरों में 25,942 जवानों के नाम लिखे हैं।  इसमें 15.5 मीटर ऊंचा एक स्मारक स्तंभ, निरंतर जल रही ज्योति और कांस्य के छह भित्ति चित्र हैं जो भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना द्वारा लड़ी गई प्रसिद्ध लड़ाइयों को दर्शाते हैं। यह स्मारक 1962 में भारत-चीन युद्ध, 1947,1965 और 1971 में भारत-पाक युद्ध, श्रीलंका में भारतीय शांति रक्षा बल के अभियानों और 1999 में कारगिल युद्ध तथा संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा अभियानों के दौरान शहीद जवानों को समर्पित है। वहीं 42 मीटर ऊंचा इंडिया गेट प्रथम विश्व युद्ध (1914-1918) और तीसरे एंग्लो-अफगान युद्ध (1919) में मारे गए जवानों के सम्मान में ऑल इंडिया वॉर मेमोरियल आर्च के रूप में ब्रिटिश राज के दौरान बना था।

Visits: 19

Leave a Reply