आंदोलन ! किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

लखनऊ, 23 जनवरी 2020। प्रदेश में अपनी खिसकती जमीन वापस पाने की जद्दोजहद में लगी कांग्रेस ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
     प्रदेश कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पार्टी फरवरी माह से किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर चरणबद्ध तरीके से तीन महीने तक ‘किसान बचाओ अभियान’ आरम्भ करेगी। इसके तहत पांच विशाल रैलियों में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की केन्द्रीय भूमिका रहेगी।
      बताया गया है कि पहले चरण के तहत फरवरी में पार्टी कार्यकर्ता हर गांव में जाकर किसानों से फार्म भरवाये जायेंगे। जिसमें किसानों  की उपज का सही दाम,पं खाद, पानी, बीज, बिजली इत्यादि ठीक ढंग से मिल रही है या नहीं। उनका बकाया गन्ना मूल्य दिया गया या नहीं, क्या वे कर्ज से परेशान हैं और उनकी अन्य क्या समस्याएं हैं।
      सूत्रों ने बताया कि दूसरे चरण में प्रदेश के हर ब्लॉक में नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी। उसके बाद तहसील मुख्यालयों और जिला मुख्यालयों पर किसानों की समस्याओं को लेकर पदयात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं तीसरे चरण में सांगठनिक लिहाज से उपयुक्त चार—पांच जिलों में विशाल रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें प्रियंका गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होंगे।
      सूत्रों ने बताया कि आंदोलन के तहत पार्टी किसानों के लिये बिजली की दरें आधी करने और पूर्ण कर्जमाफी को लेकर भी सड़कों पर उतरेगी।कांग्रेस पार्टी आवारा पशुओं की समस्या को लेकर पूरे प्रदेश में अभियान शुरू करेगी। इसके अलावा प्रदेश में गन्ना किसानों के बकाया मूल्य भुगतान के लिये भी आंदोलन की रणनीति तय की गयी है। साथ ही पूर्वांचल में धान की खरीद में बिचौलियों की घुसपैठ को लेकर भी कांग्रेस किसानों के बीच जाएगी।
 

Visits: 34

Leave a Reply