मंत्रीमंडल विस्तार ! कल मिलेंगे उत्तर प्रदेश को नये मंत्री

लखनऊ, 20 अगस्त 2019। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रीमंडल का बहुप्रतीक्षित प्रथम विस्तार कल होगा।
राजभवन के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योगी मंत्रिमंडल का विस्तार कल राजभवन में पूर्वान्ह्र 11 बजे होगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के कई मंत्रियों के हाल में हुए लोकसभा चुनाव में जीतने और मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बर्खास्त होने के बाद राज्य मंत्रिमंडल का प्रथम विस्तार जल्द होने की अटकलें पिछले कई दिनों से लग रही थी। योगी आदित्यनाथ ने मार्च 2017 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमंडल में कई नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। अच्छा काम करने वाले मंत्रियों को प्रोन्नति मिल सकती है। वहीं, खराब प्रदर्शन वाले कुछ मंत्रियों की मंत्रिमंडल से छुट्टी भी हो सकती है।
बताते चलें कि प्रदेश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री, दो उप मुख्यमंत्रियों, 18 कैबिनेट मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार के नौ राज्य मंत्रियों और 13 राज्य मंत्रियों समेत कुल 43 मंत्री हैं। मंत्रिमंडल में अभी 18 और मंत्रियों की गुंजाइश मौजूद है। प्रदेश सरकार के तीन मंत्री एसपी सिंह बघेल आगरा लोकसभा सीट, रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद सीट और सत्यदेव पचौरी कानपुर सीट से सांसद चुने जा चुके हैं और भाजपा के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पद से बर्खास्त किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनके स्थान पर किसी और मंत्री को चुना जाना है।

Visits: 147

Leave a Reply