हादसा ! यमुना एक्सप्रेस वे पर पलटी रोडवेज बस, करीब तीस यात्री काल के गाल में समाये

आगरा(उत्तर प्रदेश),08 जुलाई 2019। जिले के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में अलसुबह यमुना एक्सप्रेस वे पर यूपी रोडवेज की बस के अनियंत्रित होकर झरना नाले की खाईं में पलटने से करीब तीस यात्रियों की मौत हो गयी। इस हादसे में करीब बीस लोग जख्मी हो गये।
एसएसपी (आगरा) बबलू कुमार ने बताया कि यूपी रोडवेज की “जनरथ सेवा”बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। बस शहर से करीब नौ किमी दूर सबेरे करीब साढ़े चार बजे अनियंत्रित होकर झरना नाले की खाईं में जा गिरी। बस में करीब 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। सूचना पर पहुंचे बचाव और राहतदल कर्मी यात्रियों की खोज में जूटे हैं।

सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्रेन की मदद से बस को नाले से निकाला गया और 29 यात्रियों के शव बरामद हुए हैं।
डीएम आगरा एनजी रवि कुमार ने आशंका जताई कि सम्भवतः तेज रफ्तार में होने और ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे पर यात्रियों की मौत पर दुख और संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को मौके पर भेजते हुए डीएम-एसएसपी को घायलों को हर संभव चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। रोडवेज ने मृतकों के परिजन को 5 लाख रु. की सहायता देने की बात कही है।

Visits: 58

Leave a Reply